उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)2021 की निगरानी इस बार लाइव सीसीटीवी सर्विलांस से होगी। राज्य स्तर पर नियंत्रण कक्ष से निरंतर परीक्षा केंद्र की सभी गतिविधियों की निगरानी होगी। साथ ही परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, नामित पर्यवेक्षक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी कैमरा युक्त मोबाइल, स्मार्ट फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। कैमरा रहित सामान्य की पैड वाला फोन ही ले जा सकते हैं, जो स्मार्ट फोन की श्रेणी में न आता हो।
यह परीक्षा सूबे के सभी 75 जिलों में बनाए गए 2554 केंद्रों पर संपन्न होगी। जिले में यह परीक्षा 183 केंद्रों पर आयोजित होगी। 28 नवंबर को यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली में सुबह दस से साढ़े बारह बजे के बीच प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी, जबकि दूसरी पाली में दोपहर ढाई से पांच बजे के बीच उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा संपन्न होगी। प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 12,91,628 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 8,73,552 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।