डिप्टी सीएम पद को लेकर कई दिनों से चल रहा था मंथन
लखनऊ में भाजपा विधान मंडल दल की बैठक में योगी को सर्व सम्मति से योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद डिप्टी सीएम पद पर ताजपोशी को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई थी। बैठक में डिप्टी सीएम के नाम पर चर्चा न होने के कारण अब सब की निगाहें शुक्रवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिक गईं थीं। शुक्रवार को पीएम मोदी की मौजूदगी में जब डिप्टी सीएम के लिए केशव के नाम की घोषणा की गई भाजपाई झूम उठे। कौशाम्बी की सिराथू सीट से चुनाव हार चुके केशव प्रसाद मौर्य को डिप्टी सीएम की रेस में सबसे आगे माना जा रहा था।
स्टार प्रचारक के रूप में की थी काफी मेहनत
माना जा रहा है कि स्टार प्रचारक के रूप में पार्टी के लिए दिन रात प्रचार करने वाले केशव प्रसाद मौर्य को उनकी मेहनत का इनाम मिला है। साथ ही गैर यादव ओबीसी को साधन के लिए भी पार्टी ने उनके नाम पर सहमति जताई।
केशव के बड़े भाई बोले- नहीं रुकेगा सिराथू का विकास
केशव प्रसाद मौर्य को दोबारा डिप्टी सीएम बनाए जाने से उनके परिवार व समर्थकों में जश्न है। शुक्रवार को जैसे ही डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दोबारा पद की शपथ ली तो समर्थक झूम उठे। डिप्टी सीएम के बड़े भाई सुखलाल मौर्य के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया और मिठाईयां बांटी।
डिप्टी सीएम के बड़े भाई सुखलाल मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में हार जीत का खेल होता है। उनके भाई पर पार्टी के शीर्ष नेतृ्त्व ने जिस भरोसे के साथ जिम्मेदारी सौंपी है वह उस पर खरे उतरेंगे। सिराथू की जनता को भरोसा दिया कि यहां के विकास में किसी तरह की कोताही नहीं होने पाएगी। इसके अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के घर पर जश्न मनाया गया। उनकी भतीजी चित्रा, सरला, सविता, नीलम, प्रगति व नीशू ने परिवार व समर्थकों के साथ एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।