शहर को गांव से जोड़ने की दिशा में यूपी रोडवेज के प्रयागराज रीजन ने 20 नए रूट पर सर्वे का काम कर लिया है। अब सर्वे की रिपोर्ट प्रदेश मुख्यालय को भेजी जाएगी। सबकुछ योजना के मुताबिक रहा तो 15 मई के बाद प्रयागराज, मिर्जापुर, कौशाम्बी एवं प्रतापगढ़ के 20 नए रूट पर यूपी रोडवेज द्वारा बस की सेवा शुरू कर दी जाएगी।
यूपी रोडवेज द्वारा लंबे समय से शहर को गांव से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों का फीडबैक रोडवेज द्वारा लिया गया। हाल में इन चारों जिलों के 20 रूटों का सर्वे किया गया है। इसमें से आठ रूट सिर्फ प्रयागराज जिले के ही हैं, जबकि 12 अन्य रूट कौशाम्बी, प्रतापगढ़ एवं मिर्जापुर जिले के हैं। सर्वे के दौरान रोडवेज का फोकस उन मार्गों पर रहा जहां सार्वजनिक परिवहन के साधन कम हैं। इसी वजह से इस सर्वे के दौरान प्रयागराज के न्यायीपुर, इमिलियन, सराय ममरेज, टोड़ी का पुरवा, लटकहाघाट आदि कस्बों एवं गांवों को शामिल किया गया है। यह सब ऐसे गांव या कस्बा हैं जहां से शहर आने के लिए अधिकांश को निजी वाहनों या फिर टेंपो आदि से आना पड़ता है। यूपी रोडवेज प्रयागराज रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में सर्वे जन प्रतिनिधियों आदि के फीडबैक के आधार पर किया गया है। अब इसकी रिपोर्ट रोडवेज मुख्यालय को भेजी जा रही है। वहां से हरी झंडी मिलते ही संबंधित रूट पर बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।