भाई समेत पांच को जारी हुआ है समन
ईडी की ओर से पांच दिन पहले ही अफ्शा अंसारी के भाई आतिफ रजा समेत पांच को समन भेजा गया है। आतिफ रजा लखनऊ के डॉलीबाग में रहता है। इसके अलावा अन्य में माफिया के एक और बेहद करीबी शादाब अहमद निवासी विभूतिखंड, लखनऊ मुश्ताक खान, विक्रम अग्रहरि और गणेश दत्त मिश्रा निवासी गाजीपुर हैं। मुख्तार के मददगारों पर शिकंजा कसने के क्रम में ईडी ने पिछले दिनों जिन नौ लोगों के ठिकानों पर छापा मारा था, उनमें इन पांचों का नाम शामिल है।
जुलाई में दर्ज किया गया था केस
ईडी ने पिछले साल जुलाई में मुख्तार के खिलाफ मनी लांड्रिंग का केस दर्ज किया था। इसके लिए लखनऊ और मऊ में दर्ज मुकदमों को आधार बनाया गया था। इस मामले में उसके सांसद भाई अफजाल के अलावा सबसे बड़े भाई सिगबतुल्लाह अंसारी से पूछताछ की जा चुकी है। साथ ही उसके दोनों बेटों अब्बास व उमर अंसारी का भी बयान दर्ज किया जा चुका है।