रास्ते भर गूंजते रहे बुलडोजर बाबा जिंदाबाद के नारे
शहर पश्चिम विधानसभा के करबला तिराहे से सीएम योगी को रोड शो शाम चार बजे शुरू हुआ। रथ पर पहले से ही शहर पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी, केशरी देवी पटेल, कैबिनेट मंत्री डा. महेंद्र सिंह, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी सवार थे।
कुछ देर में ही काफिला आगे बढ़ निकला और मोदी-योगी के नारे गूंजते रहे। इसके अलावा बुलडोजर जिंदाबाद का नारा भी गूंजता रहा। यह रोडशो उस इलाके में निकल रहा था जहां पर अतीक अहमद का दबदबा माना जाता है। इस इलाके में योगी सरकार ने पूर्व सांसद अतीक अहमद सहित उसके करीबियों और रिश्तेदारों के बड़ी संख्या में आलीशान मकान ध्वस्त किया है। इस दौरान चुनावी गीत ‘ जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे, ‘ मंदिर अब बनने लगा है’, और जय श्री राम का जयघोष रास्ते भर होता रहा। छतों पर एवं सड़क किनारे खड़े लोगों ने जगह-जगह सीएम का स्वागत भी किया। भगवा पताका बांधे छोटे बच्चों में भी सीएम योगी के पास जाने की बेकरारी दिखी। इस दौरान सभी ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।