Prayagraj News : डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को टिकट मिलने पर सिराथू में खुशी जाहिर करते समर्थक।
- फोटो : प्रयागराज
प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने गृहनगर सिराथू सीट से विधानसभा का चुनाव लडेंगे। शनिवार को टिकट की घोषणा होते ही जिले भर के भाजपा कार्यकर्ता खुशी से उछल पड़े। जगह-जगह पटाखे दागे गए। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया।
यूं तो पिछले छह महीने से कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार पार्टी ने यदि बड़े नेताओं को विधानसभा का चुनाव लड़ाया तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की पहली पसंद गृहनगर सिराथू सीट ही होगी। हालांकि, कुछ समर्थक प्रयागराज के फाफामऊ व शहर उत्तरी विधानसभा से भी चुनावी समर में उतरने की संभावना जता रहे थे।
इधर बीच जिस तरह से उन्होंने लगातार गृह जनपद का दौरा कर ताबड़तोड़ अरबों की लागत वाली परियोजनाओं की सौगात दी, उससे राजनीति के जानकार सिराथू क्षेत्र से उनकी दावेदारी को ज्यादा मजबूत मान रहे थे। तमाम मंथन के बाद आखिरकार शनिवार को पार्टी ने सिराथू से ही उन्हें प्रत्याशी घोषित कर दिया।
इसी के साथ ही कयासों, अटकलों पर विराम लग गया। डिप्टी सीएम के सिराथू से चुनाव लड़ने की खबर मिलते ही जिले के भाजपा कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय, सिराथू कस्बे के साथ ही कशिया स्थित उनके आवास तथा अजुहा, सैनी भरवारी, करारी समेत जिले भर में जगह-जगह कार्यकर्तओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ पटाखे फोड़ एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
कल्याणपुर चौराहे पर जिलामंत्री जगदीश सरोज की अगुवाई में भाजपाइयों ने ढोल नगाड़े के साथ एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। इस मौके पर सचिन केसरवानी, बृज बिहारी पांडेय, अजय तिवारी, ज्ञानचंद्र, उदय केसरवानी, राजेन्द्र सरोज, मनोज सोनकर, राजीव त्रिपाठी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी तरह डिप्टी सीएम के कशिया स्थित आवास पर भाजपाइयो ने खुशी जाहिर करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाई। इस दौरान भोलेशंकर कुशवाहा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। ककोढ़ा चौराहे पर भाजयुमो के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील मिश्रा की अगुवाई में गुड्डन तिवारी, राम बहादुर पटेल, दीपक पांडेय, अनिल श्रीवास्तव, अंकित मिश्रा, भैरव समेत सभी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया।
Prayagraj News : डिप्टी सीएम को टिकट मिलने पर खुशी जाहिर करते समर्थक।
- फोटो : प्रयागराज
सिराथू विधायक के कार्यालय में भी मनाया गया जश्न
उपमुख्यमंत्री के टिकट की घोषणा होते ही कस्बा स्थित सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल के कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी की मौजूदगी में दर्जनों पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े के साथ पटाखे दाग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर कमलेश निषाद, अरुण केसरवानी, मुन्ना पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम के घर पर मनाई गई खुशियां
कस्बा स्थित उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े व पटाखे फोड़ खुशियां मनाते हुए एक दूसरे को मिठाई खिलाई। इस मौके पर डिप्टी सीएम के भाई राजेन्द्र मौर्य, रवि मौर्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश मौर्य, चंद्रप्रकाश मिश्रा उर्फ जिल्ले महाराज, सुशील पांडेय, ओमनारायण शुक्ला, सन्तोष कुशवाहा, दिलीप कश्यप, प्रतीक मौर्य सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
Prayagraj News : डिप्टी सीएम केशव मौर्य को टिकट मिलने पर खुशी जाहिर करते समर्थक।
- फोटो : प्रयागराज
डिप्टी सीएम के सिराथू से चुनाव लड़ने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह
डिप्टी सीएम केशव मौर्य को सिराथू से उम्मीदवार बनाए जाने पर चायल क्षेत्र के भाजपा विधायक संजय कुमार गुप्ता ने अपने केंद्रीय कार्यालय भरवारी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा किया। विधायक ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के सिराथू से चुनाव लड़ने की घोषणा से जिले भर के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है।
इस मौके पर दीपचंद्र दिवाकर, अशोक केशरवानी, सूरज यादव,हर्ष केशरवानी, वेदान्त उपाध्याय,सुधीर केशरवानी,सत्यम कौशल,उपांसु केशरवानी,शंकर केशरवानी,पंकज केशरवानी,भगौती सरोज,बच्चा केशरवानी,धीरज चौरसिया आदि उपस्थित रहे।
Prayagraj News : पहली बार सिराथू से चुनाव जीतने के बाद केशव प्रसाद मौर्य। फाइल फोटो
- फोटो : प्रयागराज
सपा की आंधी के बीच बसपा के अभेद्य दुर्ग में खिलाया था कमल
सपा की आंधी के बीच वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में केशव मौर्य ने अपने गृहनगर सिराथू सीट से भाजपा का कमल खिलाया था। इस सीट को बसपा का अभेद्य दुर्ग कहा जाता था। तत्कालीन बसपा सरकार के कबीना मंत्री इंद्रजीत सरोज अपनी सदर सीट व चायल से अपने करीबी आसिफ जाफरी को चुनाव जितवाने में तो सफल हो गए थे, लेकिन पड़ोस की सिराथू सीट नहीं बचा सके थे।
केशव सिराथू सीट से तब विधायक बने जब दोआबा की सियासत पर बसपा का राज था। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद केशव, बसपा प्रत्याशी आनंद मोहन पटेल को 9,863 मतों से शिकस्त देने में कामयाब रहे।
Prayagraj News : साध्वी ऋतंभरा के साथ केशव प्रसाद मौर्य। फाइल फोटो
- फोटो : प्रयागराज
हिंदुत्ववादी आंदोलनों ने केशव को राजनीति में दी पहचान
सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को भाजपा में बड़े नेताप के रूप में उभारने के पीछे हिंदुत्ववादी आंदोलनों की बड़ी भूमिका रही। इन आंदोलनों के दौरान उन पर तमाम मुकदमे भी दर्ज किए गए। हालांकि, ज्यादातर मामले जन आंदोलनों को लेकर दर्ज कराए गए थे। जिले में उनके खिलाफ हत्या की साजिश रचने का भी केस दर्ज किया गया, जिसमें उन्हें विधायक रहते हुए जेल भी जाना पड़ा। हालांकि, बाद में अदालत ने उन्हें आरोपों से बरी भी कर दिया।
विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष रहे अशोक सिंघल के बेहद करीबी माने जाने वाले केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ कौशाम्बी और प्रयागराज के थानों में तमाम केस दर्ज हुए। वर्ष 2011 में कोखराज कोतवाली के ननमई गांव में ईद के दिन लाउडस्पीकर बजाने को लेकर दो वर्गों के बीच हुए विवाद के दौरान तत्कालीन ग्राम प्रधान के भाई चांद की हत्या कर दी गई थी।
विधायक रहते हुए भी जाना पड़ा था जेल
इस मामले में केशव के खिलाफ हत्या की साजिश रचने का केस दर्ज हुआ था। वर्ष 2012 के चुनाव में जब प्रदेश में सपा की आंधी चली तब केशव जिले की तीनों विधानसभा सीटों में सिराथू से कमल खिलाने वाले इकलौते नेता बने थे। ऐसे ही आंदोलनों से उनकी छवि एक फायर ब्रांड हिंदुत्ववादी नेता के रूप में बन गई। विपक्षी नेताओं के खिलाफ आग उगलने वाले केशव को इस मामले में विधायक रहते हुए जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि बाद में अदालत ने उन्हें बरी भी कर दिया।
इसके अलावा उनके खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में धारा 147, 148, 153, 153 ए, 352, 188, 323, 504, 506 के तहत केस दर्ज हुआ। पइंसा कोतवाली में भी उनके खिलाफ 147, 295 ए, 153 का केस दर्ज हुआ। इसी कोतवाली में ही एक और मामला दर्ज हुआ। मंझनपुर में एक आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ 147, 352, 323, 504, 506, 392 के तहत केस दर्ज हुआ। पश्चिमशरीरा कोतवाली में भी 153 ए, 353, 186, 504, 147, 322 के तहत एफआईआर लिखी गई।
प्रयागराज के कर्लनगंज में दो और सिविल लाइंस थाने में भी एक मामला दर्ज हुआ था। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार भाजपा सरकार ने केशव के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को वापस ले लिया है। इस बाबत एसपी राधेश्याम का कहना है कि केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ कितने मामले दर्ज हैं और कितने वापस हुए फिलहाल इसकी सही जानकारी नहीं है।
टिकट मिलने के साथ ही खत्म हुआ उत्तरी और फाफामऊ का सस्पेंस
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू विधानसभा सीट से टिकट मिलने के बाद अब शहर उत्तरी और फाफामऊ विधानसभा सीट से भी सस्पेंस खत्म हो गया है। माना जा रहा था कि अगर डिप्टी सीएम सिराथू से चुनाव नहीं लड़ते हैं तो वह शहर उत्तरी या फिर फाफामऊ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। फिलहाल डिप्टी सीएम को सिराथू से टिकट मिलने के बाद शहर उत्तरी और फाफामऊ विधानसभा सीट से टिकट की आस लगाए तमाम संभावित उम्मीदवारों को भी राहत मिली है।
दरअसल प्रयागराज की शहर उत्तरी विधानसभा और फाफामऊ विधानसभा से टिकट की आस में काफी नेताओं ने अपना बायोडाटा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिया है। उत्तरी विधानसभा से आवेदन करने वालों की संख्या इस बार कुछ ज्यादा ही है। यहां से आवेदन करने वालों को यही डर था कि अगर डिप्टी सीएम शहर उत्तरी से खड़े होते हैं तो उनका पत्ता कट जाएगा। इस सीट से आवेदन करने वालों में डा. कीर्तिका अग्रवाल, अवधेश चंद्र गुप्ता, डा. एलएस ओझा, विजय द्विवेदी, शशि वार्ष्णेय, कविता यादव त्रिपाठी, मृत्युंजय तिवारी, शैलेश पांडेय आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं।
योगी और केशव के नाम की घोषणा से विरोधियों के हौसले हुए पस्त : सिद्धार्थ नाथ
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ की अध्यक्षता मेें शनिवार को पन्ना प्रमुखों की बैठक हुई। पोंगहट पुल मुंडेरा में हुई बैठक में सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के नाम की घोषणा होने के बाद विरोधियों के हौसले पस्त हैं। भाजपा एक बार फिर से 300 से ज्यादा सीट जीतकर सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि मतदान जितना अधिक होगा, जीत भी उतनी ही बड़ी होगी। कहा कि भारी मतदान के लिए पन्ना प्रमुख अभी से जुट जाएं। इस अवसर पर राधा कुशवाहा, संजय कुशवाहा, रमेश भारतीय, रेनू गिरी, आशुतोष तिवारी आदि मौजूद रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आचार संहिता का मुकदमा दर्ज
सिविल लाइंस में तेज बहादुर सप्रू मार्ग पर स्थित भाजपा कार्यालय के जुलूस निकालकर नारेबाजी करने और पटाखा फोड़ने पर 40-50 भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आचार संहिता का मुकदमा दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस वीरेंद्र यादव ने बताया कि मुकदमा अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।