यूपी बोर्ड के सचिव की ओर से नौवीं, दसवीं और ग्यारहवीं-बारहवीं के विद्यार्थियों को कैरियर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन, टोल फ्री नंबर शुरू किया गया है। बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया हेल्पलाइन-टोल फ्री नंबर दो सितंबर से काम करने लगेगा।
छात्र-छात्राएं सोमवार से शुक्रवार तक तय समय 11 से एक बजे और दो से चार बजे के बीच हेल्पलाइन पर अपनी समस्याओं का समाधान कर सकेंगे। हेल्पलाइन 1800-180-5310 और 1800-180-5312 पर संपर्क करके छात्र-छात्राएं अपनी कैरियर से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर सकेंगे। बोर्ड सचिव ने कहा कि यह हेल्पलाइन यूपी बोर्ड के नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों के लिए शुरू की गई है, दूसरे बोर्ड के विद्यार्थी भी यदि सुझाव मांगेंगे तो उन्हें भी हमारे विशेषज्ञ सलाह देंगे।
बोर्ड सचिव ने बताया कि हेल्पलाइन पर यूपी बोर्ड मुख्यालय में तैनात शोध सहायक, साहित्यिक सहायक को मीटिंग हाल में बैठकर छात्र-छात्राओं की कैरियर काउंसलिंग के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को पहली एवं दूसरी पाली में प्रीति साहू-सरोज यादव, मंगलवार को पहली एवं दूसरी पाली में जूही श्रीवास्तव-बिंदू यादव, बुधवार को पहली एवं दूसरी पाली में इंदू यादव-संगीता यादव, बृहस्पतिवार को पहली एवं दूसरी पाली में वैशाली तिवारी-बबली पासी, शुक्रवार को पहली एवं दूसरी पाली में गेती आब्दी-सुनीता उपाध्याय विद्यार्थियों को कैरियर से जुड़े परामर्श देंगी। कविता कश्यप एवं सुधा चौरसिया को आरक्षित रखा गया है, यह किसी की अनुपस्थिति की स्थिति में छात्रों को परामर्श देंगी।
उन्होंने कहा कि शोध सहायिका एवं साहित्यिक सहायक परामर्श के अतिरिक्त अपना नियमित कार्य करेंगी। पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए अपर सचिव पाठ्य पुस्तक को जिम्मेदारी दी गई है।