चौथे दिन भी जिले में एक नकलची नहीं पकड़ा गया
यूपी बोर्ड में सोमवार को चौथे दिन हाईस्कूल में कंप्यूटर और चित्रकला की परीक्षा और इंटर मीडिएट में भूगोल वाणिज्य वर्ग के व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान उड़ाका दल सक्रिय रहा। इस दौरान विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षक किया गया। लेकिन जिले में एक भी नकलची नहीं पकड़ा गया।
डीआइओएस आरएन विश्वकर्मा के मुताबिक इंटरमीडिएट में भूगोल विषय की परीक्षा में कुल 4030 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 241 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 3789 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। प्रथम पाली में हाईस्कूल में चित्रकला विषय की परीक्षा हुई। इसमें 55493 विद्यार्थी पंजीकृत रह,े इसमें से 52166 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में हाईस्कूल में कंप्यूटर विषय में 3748 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 3661 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के कुल 7300 विद्यार्थी पंजीकृत थे। कुल 6975 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा के दौरान एक भी नकलची नहीं पकड़ा गया। जिले में अब तक एक भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया है।
शासन ने इस कक्ष निरीक्षकों को आनलाइन उपस्थित भरने के लिए निर्देशित किया है लेकिन पहली पाली में सिर्फ 92 कक्ष निरीक्षकों ने ही आनलाइन उपस्थित दर्ज कराई। दूसरी पाली में यह संख्या 68 रही। मंगलवार को हाईस्कूल की संस्कृत, संगीत वादन और इंटर मीडिएट की चित्रकला व अर्थशास्त्र तथा वाणिज्य भूगोल-पुराना पाठ्यक्रम की परीक्षा होगी।