ई-रैली में 50 हजार तो ऑडियो कांफ्रेंस में एक लाख लोगों को जोड़ने की तैयारी
भाजपा ने कोरोना काल के दौरान ऑनलाइन बैठकों और वेबिनार के जरिए लगातार कार्यक्रम किए। इस वजह से उसके तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी वर्चुअल बैठक में पारंगत हो गए हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए एक खास सॉफ्टवेयर तैयार करवाया है। इसके जरिए वेबिनार, ई-रैलियां आदि होंगी।
बताया जा रहा है कि एक ई-रैली में तकरीबन 50 हजार लोगों को जोड़ा जा सकेगा। वहीं ऑडियो कांफ्रेंस से एक साथ एक लाख लोगों को जोड़े जाने की तैयारी की गई है। यहां आईटी सेल के संयोजक का दायित्व हनुमान प्रसाद और सोशल मीडिया का दायित्व यश विक्रम त्रिपाठी के पास है।
चुनाव आयोग के निर्देश पर इस बार चुनावी प्रचार वर्चुअल ही होना है। इसे लेकर पार्टी तैयार है। कोरोना काल के दौरान पार्टी की ओर से वेबिनार आदि कराए जाते रहे हैं। इस वजह से हमारे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को इसका अच्छा अभ्यास भी है। - गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष भाजपा।