बुजुर्गों के लिए विशेष आश्रय स्थल, सैकड़ों ने लिया संगम स्नान का लाभ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के वृद्धाश्रमों से आए वरिष्ठजनों के लिए कुम्भ क्षेत्र में 100 बेड क्षमता का विशेष आश्रम स्थापित किया गया है। यहां प्रदेशभर के वृद्धाश्रमों से लाए गए बुजुर्गों को ठहरने की विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे वे कुम्भ मेले में संगम स्नान और धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित हो सकें। अब तक मिर्जापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, भदोही, कौशांबी, हरदोई, सीतापुर और लखनऊ सहित कई जिलों से आए 500 से अधिक वरिष्ठजन कुम्भ में भागीदारी कर चुके हैं और पुण्यलाभ अर्जित कर चुके हैं। विभाग 26 फरवरी तक प्रदेश के वृद्धाश्रमों से कुल 2000 वृद्धजनों को अमृत स्नान कराने की तैयारी में है।
वंसत पंचमी पर महाकुंभ में दिखा सामाजिक समरसता की झलक
वंसत पंचमी के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच महाकुम्भ में सेवा और सामाजिक सद्भाव की अनूठी झलक देखने को मिली। समाज कल्याण विभाग के शिविर में श्रद्धालु न केवल धार्मिक आस्था से जुड़ रहे हैं, बल्कि सेवा कार्यों से भी लाभान्वित हो रहे हैं। वृद्धों और दिव्यांगों के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं सरकार की समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस पहल से न केवल बुजुर्गों को सम्मान मिला है, बल्कि समाज में सेवा और समर्पण का एक नया संदेश भी प्रसारित हुआ है। महाकुम्भ 2025 केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने और सशक्त बनाने का माध्यम भी बन रहा है।