ग्राहक सेवा केंद्र की आड़ में लोगों के खाते से रकम उड़ाने वाले गिरोह का शनिवार को भंडाफोड़ हुआ। साइबर थाना पुलिस ने तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल बरामद किए।
नैनी के डभांव में रहने वाले ठेकेदार संदीप मौर्य के खाते से कई बार में डेढ़ लाख रुपये उड़ा दिए गए थे। जिसके बाद उसने साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। एसआई अमित चौरसिया व उनकी टीम को जांच पड़ताल में पता चला कि संदीप के खाते से उड़ाई गई रकम पहले ग्राहक सेवा केंद्र की फ्रेंचाइजी देने वाली जम्मू की एक फर्म के खाते में गया। इसके बाद रकम दो अन्य खातों में ट्रांसफर कर ली गई। जांच के क्रम में ही पुलिस ने डभांव निवासी नितेश व सुनील कुमार पटेल को पकड़ा।
उन्होंने पूछताछ में बताया कि गांव के ही सुशील कुमार पटेल ने उनकेखातों में रकम डलवाई थी जिसे बाद में उसने निकलवा भी लिया। दोनों की निशानदेही पर सुशील को पकड़ा गया तो गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। उससे पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसने मोहब्बतगंज नैनी के अजीत पटेल का आधार कार्ड व पैन कार्ड लेकर फर्जी तरीके से ग्राहक सेवा केंद्र की फ्रेंचाइजी ली थी। इसी खाते में वह फर्जीवाड़ा कर उड़ाई गई रकम ट्रांसफर करवाता था। हालांकि काफी पूछताछ के बाद भी पुलिस उससे यह नहीं कबूल करवा सकी कि वह लोगों के खाते से रकम निकालता कैसे थे।