Prayagraj News : माफिया अतीक अहमद और उमेश पाल। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
उमेश पाल हत्याकांड में एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। हत्याकांड में जिन बमों का इस्तेमाल किया गया, उन्हें उमेश के घर के पास ही स्थित धूमनगंज के ताड़बाग में बनवाया गया था। शूटरों ने एक पुराने बमबाज से संपर्क किया था और फिर उसने ही बम तैयार कर उन्हें दिए थे। ऐसे में अब जल्द ही शहर के पुराने बमबाजों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।
धूमनगंज का ताड़बाग आपराधिक गतिविधियों का अड्डा रहा है। नशीले पदार्थों की तस्करी से लेकर बमबाजी के लिए भी यह इलाका कुख्यात रहा है। अब इसका संबंध में उमेश पाल हत्याकांड से भी जुड़ रहा है। यह बात भी सामने आई है कि उमेश की हत्या के लिए बम इसी ताड़बाग में बनवाए गए थे। इसके लिए फरार शूटरों में शामिल अतीक के करीबी ने एक पुराने बमबाज से संपर्क किया था। हालांकि उसे यह नहीं बताया गया था कि इन बमों का इस्तेमाल कहां किया जाना है। इसके बाद ही बमबाज ने बम तैयार कर शूटर को दिए थे। फिलहाल यह जानकारी सामने आने के बाद गोपनीय तरीके से शहर के पुराने बमबाजों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।