एसटीएफ ने डाला दिल्ली में डेरा
उधर खालिद, जीशान व जावेद की गिरफ्तारी व उनसे पूछताछ में हुए खुलासे के बाद एसटीएफ की एक टीम ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है। एसटीएफ दिल्ली पुलिस की मदद से न सिर्फ असद व गुलाम बल्कि शाइस्ता परवीन की भी तलाश में जुटी है।
रजिस्टर में दो बसपा नेताओं से लेनदेन का रिकॉर्ड
उमेश पाल हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस के रडार पर बसपा के तीन स्थानीय नेता भी हैं। दरअसल अतीक के नौकर राकेश उर्फ नाकेश की निशानदेही पर बरामद रजिस्टर में इन नेताओं से लाखों रुपयों के लेनदेन का रिकॉर्ड मिला है। ऐसे में पुलिस जल्द ही पूछताछ के लिए इन्हें बुला सकती है।
पुलिस ने अतीक के नौकर राकेश समेत पांच लोगों को उमेश पाल हत्याकांड में गिरफ्तार किया था। चार अप्रैल को कस्टडी रिमांड पर लेकर राकेश की निशानदेही पर अतीक के चकिया स्थित खंडहर हो चुके मकान से एक बैग बरामद किया था। जिसमें एक रजिस्टर भी था। सूत्रों का कहना है कि इस रजिस्टर में बसपा के तीन स्थानीय नेताओं से लाखों रुपये के लेनदेन का हिसाब लिखा हुआ है। ऐसे में अब यह नेता भी पुलिस के रडार पर हैं। जल्द ही इन्हें पूछताछ के लिए नोटिस जारी करने की तैयारी है। इनसे इस लेनदेन के बाबत पूछताछ की जाएगी।
जनवरी व दिसंबर में हुआ लेनदेन
सूत्रों का यह भी कहना है कि रजिस्टर में जो रिकॉर्ड मिला है, उसके मुताबिक लेनदेन पिछले साल दिसंबर और जनवरी 2023 में हुआ। गौरतलब है कि अतीक की पत्नी शाइस्ता ने जनवरी में ही बसपा की सदस्यता ली थी। इसके बाद से ही उसे मेयर पद का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा जोरों पर थी।