झूंसी थाना क्षेत्र के माघ मेला क्षेत्र में दारागंज घाट की ओर मंगलवार की दोपहर गंगा में नहाते समय दो किशोर डूब गए। खोजबीन के बाद एक का शव मिला। जबकि दूसरे किशोर की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि दूसरे किशोर की तलाश के लिए बुधवार को गोताखोरों को गंगा में उतारा जाएगा।
फूलपुर के पहसी गांव निवासी आदित्य पटेल (14) पुत्र अशोक पटेल झूंसी के कटका गांव में अपने मामा रामराज पटेल के घर पर रहकर पढ़ाई करता था। वह नई झूंसी स्थित लाला मनमोहनदास इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र था। मंगलवार की दोपहर में आदित्य अपने दोस्त कार्तिक तिवारी (14) पुत्र स्व. अजय तिवारी निवासी फतेहगंज जौनपुर, वर्तमान पता झूंसी कटका, शिवम पुत्र भगवान निवासी मल्लाही टोला नई झूंसी और सत्यम पुत्र रामू निवासी कटका के साथ गंगा में नहाने दारागंज घाट की ओर गया था।
नहाते वक्त आदित्य और कार्तिक गहरे पानी में डूबने लगे। जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते दोनों गहरे पानी में समा गए। इसके बाद बदहवास शिवम और सत्यम भागते हुए घर लौटे और परिजनों को पूरी बात बताई। घटना की जानकारी झूंसी पुलिस को दी गई तो वह मौके पर पहुंची। बाद में गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आदित्य के शव को बाहर निकाला गया। जबकि कार्तिक का पता नहीं चल सका था। उधर, आदित्य का शव देखते ही परिजन बिलखने लगे। हालांकि परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए उसके शव को लेकर घर चले गए।