Two students accused of molesting student suspended
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रा से छेड़खानी के दो आरोपी छात्रों को निलंबित कर दिया गया है और इन्हें दूसरी बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बीए प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य नारायण और अरमान सिंह के खिलाफ एक छात्रा ने चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि दोनों ने उनके साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया और अश्लील कमेंट किए। छात्रों की शिकायत पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. रामसेवक दुबे ने दोनों को नोटिस जारी कर 27 जनवरी को अपने अभिभावकों के साथ उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा था। दोनों ही छात्र तय समय सीमा में कुलानुशासक कार्यालय नहीं पहुंचे, जिसके बाद चीफ प्रॉक्टर ने दोनों को निलंबित कर दिया है और दूसरा कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 29 जनवरी को शाम चार से पांच बजे के बीच उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि इस बार उपस्थित नहीं हुए तो विश्वविद्यालय से निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।