मीरापुर में सरेशाम महिला से पर्स छिनैती करने वाले दो लुटेरे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिए गए। अतरसुइया पुलिस ने चार दिन के भीतर घटना का खुलासा कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल व नकदी बरामद कर ली।
हर्षवर्धन नगर निवासी प्रतिभा सिंह 10 जुलाई की रात आठ बजे के करीब सब्जीमंडी गई थीं। तभी बाइकसवार दो बदमाश उनका मोबाइल व नकदी भरा पर्स छीनकर भागकर निकले थे। शिकायत पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई। डीसीपी दीपक भूकर के निर्देशन में इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव व मीरापुर चौकी प्रभारी अर्चना चौबे लुटेरों की तलाश में जुट गईं। घटनास्थल के आसपास व रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज व मुखबिरों के जरिए की गई पड़ताल में उन्हें एक फुटेज मिला।
जिसमें लुटेरों की तस्वीर कैद थी। सुरागरशी में पता चला कि तस्वीर में दिख रहे बदमाश हसनैन अंसारी उर्फ मुन्ना व अयान खान दोनों निवासी करेली हैं। इसके बाद उनकी तलाश शुरू कर दी गई और शुक्रवार को सटीक सूचना पर उन्हें अतरसुइया चोर गली से गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से मोबाइल, नकदी व घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक बरामद कर ली गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि उन्हें जेल भेज दिया गया है।