रानीगंज के कहला गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे बाइक की टक्कर से चाट विक्रेता और बीमार बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कहला गांव निवासी मंजीत पटेल (45) पुत्र छोटे लाल पटेल घर के सामने चाट-टिकिया की दुकान लगाते थे। सोमवार रात लगभग 10 बजे वह दुकान बंद कर घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी गांव का एक युवक बुजुर्ग विजय बहादुर यादव (60) निवासी लरहा का पुरवा बोरा, थाना रानीगंज को हार्ट अटैक आने पर गंभीर हालत में बाइक से अस्पताल ले जा रहा था।
जैसे ही बाइक सवार बुजुर्ग को लेकर कहला गांव के पास पहुंचा, सड़क पार कर रहे मंजीत से टकरा गया। इस दौरान बाइक पर बैठे विजय बहादुर सड़क पर गिर गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद घायल मंजीत के घर वाले घटनास्थल पर पहुंचे। उन्हें गंभीर हालत में रानीगंज ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंजीत की मौत से परिजन बेसुध हो गए। दोनों बेटों और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।