करेली के बख्शीमोढ़ा में बच्चा चोरी के शक में गांववालों ने दो लोगों को पीट दिया। आरोप है कि उनसे नगदी और सोने की चेन भी छीन ली। शिकायत पर पुलिस ने 300 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया। बताया कि आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, साउथ दिल्ली, बदरपुर जैदपुर निवासी मुकेश और वहीं का रहने वाला उसका साथी अजय राय रंगीन कागजों से विभिन्न तरह की कलाकृतियां बनाकर स्कूल में बच्चों को दिखाते हैं। इसी क्रम में वह कुछ दिनों से शहर में घूम रहे हैं। सुबह नौ बजे के करीब दोनों करेली के बख्शीमोढ़ा स्थित यूनिटी पब्लिक स्कूल पहुंचे लेकिन, स्कूल बंद मिला।
आरोप है कि इसी दौरान पहुंचे गांववालों ने उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। विरोध पर बच्चा चोर का शोर मचा दिया, जिस पर जुटे 250 से 300 लोगों ने उनकी बेरहमी से पिटाई की। आईडी प्रूफ, सोने की चेन और 800 रुपये भी छीन लिए। इसी दौरान सूचना पाकर 100 नंबर पुलिस पहुंची और तब जाकर उनकी जान बच सकी।
पुलिसकर्मी दोनों को बचाकर थाने ले गए। इंस्पेक्टर करेली विनीत सिंह ने बताया कि भुक्तभोगियों की तहरीर के आधार पर 300 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।
चार दिन पहले भी हुई थी घटना
करेली में बच्चा चोरी के शक में निर्दोषों की पिटाई की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले आठ सितंबर को हड्डी गोदाम मोहल्ले में गौसनगर करेली निवासी महिला को पीट दिया गया था। साथ ही उससे छेड़खानी भी की गई थी। पुलिस ने इस मामले में महिला के भाई की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया है।