छोटा बघाड़ा से लापता हुईं चार बहनों में से दो अन्य भी रविवार को मिल गईं। उनकी लोकेशन गाजियाबाद मिलने पर कर्नलगंज पुलिस टीम उन्हें शहर लाने के लिए रवाना हो गई है। उधर, एक बहन से शादी रचाने वाला आरोपी सतीश उर्फ हरिकरन शर्मा गिरफ्तार कर लिया गया है। छोटा बघाड़ा में रहने वाली चार बहनें 26 दिसंबर को गायब हो गई थीं। इनमें से एक की उम्र 17 साल जबकि तीन अन्य 16, 14 व 12 साल की हैं। 29 दिसंबर को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई तो पुलिस तलाश में जुटी।
पता चला कि सबसे बड़ी बहन ही अन्य तीनों को लेकर अपने प्रेमी के पास लखीमपुर खीरी चली गई है। पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि प्रेमी सतीश शर्मा है, जिससे उसने शादी कर ली है। वहां एक बहन तो मिल गई, लेकिन दो छोटी बहनें नहीं मिलीं। पूछने पर बताया कि 31 दिसंबर को दोनों छोटी बहनें किसी बात को लेकर नाराज हो गई थीं। इसी से दोनों ने बड़ी बहन से दो हजार रुपये लिए और फिर ट्रेन में बैठकर बरेली होते हुए गाजियाबाद चली गईं।
सर्विलांस के जरिये लोकेशन मिलने पर पुलिस ने उन्हें ट्रेस कर लिया। जिसके बाद टीम उन्हें लाने के लिए रवाना हो गई। कर्नलगंज इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि शादी करने वाली सबसे बड़ी बहन की उम्र परिजनों ने 17 साल बताई है। ऐसे में गुमशुदगी की रिपोर्ट में दुष्कर्म, पॉक्सो समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए उसके प्रेमी सतीश को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह संसारपुर का रहने वाला है।