नगर निगम ने बुधवार को बाई का बाग में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान यहां दो बड़ी बेकरी में भारी मात्रा में पॉलीथिन पकड़ी गई। कई स्थानों पर व्यापारियों ने अभियान का विरोध भी किया। कार्रवाई के दौरान 10 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन के साथ नौ हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया
जोन चार के जोनल अधिकारी शरदेंदु कुमार सिंह एवं शहरी मिशन प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी के नेतृत्व में निगम का दस्ता दिन में बाई का बाग पहुंचा। यहां जीवन ज्योति अस्पताल रेल डॉट पुल के पास से कार्रवाई शुरू हुई। कई दुकानों से पॉलीथिन जब्त करने के बाद दस्ता जैसे-जैसे आगे बढ़ा, वहां व्यापारियों की भीड़ जुटने लगी। इस बीच दस्ता बाई का बाग स्थित टोपनदास बेकरी एवं विशाल कंफेक्शनरी तक पहुंच गया। यहां व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। दस्ते के साथ गई कीडगंज थाने की पुलिस ने बल प्रयोग कर व्यापारियों को खदेड़ा।
इस बीच दस्ता दोनों बेकरी में दाखिल हुआ। दोनों बेकरी की तलाशी में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। अफसरों ने उसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की तो हंगामा हो गया। इस बीच काफी पॉलीथिन हटा दी गई। दस्ते ने दोनों बेकरी से तकरीबन पांच किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। साथ ही दोनों से दो-दो हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। कार्रवाई में जीवन ज्योति पुलिस चौकी प्रभारी आरएस गौतम, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक एसके गुप्ता, सफाई निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह एवं योगेंद्र विश्वकर्मा भी शामिल थे।