सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो इलाहाबाद के लोगों के लिए जल्द ही बड़ी आवासीय योजना शुरू होगी। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) इसकी तैयारी में जुट गया है। एडीए सुलेम सराय, हरवारा और जयरामपुर पटपर समेत नैनी के करछना में काफी जमीन लेने की तैयारी में है। इसके लिए प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। एडीए की आगामी बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए रखा जाएगा।
एडीए ने बीते 25 वर्ष में शहर का बाहरी इलाके में कोई भी नई आवास योजना नहीं शुरू की है। जहां भी बहुमंजिला आवासीय योजनाओं का निर्माण हो रहा है या प्रस्तावित है, वह भी एडीए की आवासीय योजनाओं में खाली पड़ी जमीन पर है। हालांकि इस लंबी अवधि में एडीए ने जमीन अधिग्रहण के लिए कई प्रस्ताव तैयार किए लेकिन सफलता किसी में नहीं मिली लेकिन अब एडीए को सुलेम सराय, हरवारा और जयरामपुर पटपर में जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा है। यह जमीन है मेसर्स शेरवानी इंडस्ट्रीज लिमिटेड की। इन स्थानों पर कंपनी की 83 बीघा भूमि है। जिसे एडीए ने क्रय करने का मन बना लिया है।
इसी तरह नैनी क्षेत्र के करछना में 14568 वर्गमीटर जमीन समेत थार्नहिल रोड पर एक नजूल भूखंड को भी लेने की तैयारी है। करछना में बहुमंजिला आवास योजना, और थार्नहिल पर ग्रुप हाउसिंग के साथ कार्यालय भवन बनाने की योजना है, जबकि 83 बीघा जमीन पर प्लांट तैयार होंगे या फ्लैट, इस पर फैसला जमीन मिलने के बाद होगा।