विजिलेंस ने बुधवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए एडी बेसिक आफिस और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया के बड़े बाबुओं को रिश्वत लेते पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ विभागीय कर्मचारियों ने शिकायत की थी। विजिलेंस ने जाल बिछाकर उन्हें ट्रैप किया और रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
सैदाबाद ब्लाक के याकूबपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक बैजनाथ बिंद का अगस्त 2013 से लेकर जनवरी 2014 का वेतन रुका हुआ था। उन्होंने एडी बेसिक को वेतन अवमुक्त करने के लिए प्रार्थनापत्र दिया था। एडी बेसिक ने उनके प्रार्थनापत्र पर बीएसए इलाहाबाद को वेतन अवमुक्त करने का आदेश जारी कर दिया था। एडी बेसिक आफिस में बड़े बाबू अनुज कुमार वह आदेश दबाकर बैठ गया। बैजनाथ बिंद कई बार मिले लेकिन उसने फाइल आगे नहीं बढ़ाई।
बाद में कहा कि पांच हजार रुपये दो तब वह फाइल बीएसए आफिस भेजेगा। प्रधानाध्यापक बैजनाथ बिंद इसकी शिकायत एसपी विजिलेंस से मिलकर की। उन्होंने शासन से अनुमति लेकर इंस्पेक्टर एके सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर दी। बुधवार की शाम बैजनाथ बिंद को पैसे लेकर एडी बेसिक आफिस भेजा गया। बैजनाथ बिंद ने बड़े बाबू अनुज कुमार को बाहर पैसे देने के लिए बुलाया तो उसने कहा कि वह दफ्तर में ही आकर रुपये दे। यहां सब अपने आदमी हैं। अंदर अनुज कुमार को जैसे ही पैसे दिए गए, विजिलेंस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर दिया। नोटों के नंबर मिलान के बाद अनुज कुमार (निवासी महेवा) को कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
आजमगढ़ का रहने वाला शुभम राय डफरिन महिला अस्पताल में स्टाफ मेल नर्स है। उसने सीएमओ को हंडिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में म्यूचुअल ट्रांसफर के लिए आवेदन किया था। उसके साथ ही वहां की एक महिला नर्स ने भी डफरिन अस्पताल के लिए आवेदन किया था। ट्रांसफर आर्डर पर उसे डफरिन अस्पताल से रिलीव कर दिया गया। जब वह हंडिया पहुंचा तो म्यूचुअल ट्रांसफर के लिए आवेदन करने वाली महिला नर्स ने डफरिन जाने से मना कर दिया। शुभम जब पहुंचा तो बड़े बाबू नंद लाल मौर्या निवासी भागीपुर सराय इनायत ने ज्वाइन कराने से इनकार कर दिया। कहा कि यहां महिला नर्स की जरूरत है।
इस पर शुभम ने कहा कि वह इसको लिखित में दे दें ताकि वह दोबारा डफरिन अस्पताल में ज्वाइन कर सके। बड़े बाबू नंद लाल ने इसी बात के लिए उससे पांच हजार रुपये मांगे। इस पर शुभम ने एसपी विजिलेंस से शिकायत की। बुधवार को ही शाम को विजिलेंस टीम शुभम के साथ वहां पहुंच गई। जैसे ही नंद लाल ने शुभम से रुपये लिए टीम ने उसे धर दबोचा। उसे गिरफ्तार कर हंडिया ले जाया गया। एसपी विजिलेंस घनश्याम ने बताया कि दोनों ही मामलों में शासन से अनुमति लेकर त्वरित कार्रवाई की है। कोई भी सरकारी कर्मचारी घूस मांगता है तो विजिलेंस आफिस में शिकायत कर सकता है। कार्रवाई की जाएगी।