प्रयागराज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को सुबह थानापुर गांव के सामने दो अलग-अलग सड़क हादसों से अफरा-तफरी मच गई। पहले हादसे में एक ट्रेलर की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दूसरे हादसे में बालू लदी ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गई।
आजमगढ़ जनपद निवासी सूरज मौर्य अपने परिवार के साथ संगम स्नान कर वापस घर लौट रहे थे। बृहस्पतिवार को सुबह वह थरवई थाना क्षेत्र के थानापुर गांव के सामने पहुंचे कि पीछे से आ रही एक ट्रेलर अचानक पेट्रोल पंप की ओर मुड़ गई। ट्रेलर के अचानक कट मारने पर सूरज मौर्य ने तत्काल ब्रेक लगाकर कार रोकने का प्रयास किया लेकिन तब तक ट्रेलर का पिछला हिस्सा कार के अगले भाग से टकरा गया। टक्कर से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की रफ्तार धीमी होने के कारण उसमें सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।
दूसरी घटना भी थाना क्षेत्र के थानापुर गांव के सामने ही हुई। जहां बालू लदी एक बड़ी ट्रेलर यू-टर्न लेते समय अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में चालक भानु प्रताप सिंह और बबलू निवासी खागा, फतेहपुर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।