जमानत पर रिहा होने के बाद पहुंचा दिल्ली
उधर एक मामले में हमीरपुर जेल में बंद सनी 2019 दिसंबर में जमानत मिलने के बाद गायब हो गया। इसके बाद उसके खिलाफ दो मामलों में वारंट भी जारी हुआ लेकिन पुलिस उसका पता नहीं लगा पाई। सूत्रों का कहना है कि इस दौरान वह दिल्ली चला गया और वहां जीतेंद्र गोगी के संपर्क में आ गया। वह बेअंदाज था ही और यही वजह थी कि गोगी ने उसे अपने गैंग में शामिल करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान उसने गोगी गैंग के लिए कुछ छोटी-मोटी वारदातें भी कीं लेकिन पुलिस से बचा रहा। इसके बाद गोगी गैंग की ओर से टिल्लू की हत्या की योजना बनाई गई। जिसमें सनी को भी शामिल किया गया। इसी के तहत उसे तुर्किये में बनीं दो पिस्टलें दी गईं। इसी दौरान सितंबर 2021 में गोगी की कोर्ट में गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद सनी गैंग के अन्य सदस्यों को चमका देकर दोनों पिस्टलें लेकर भाग निकला।
दिल्ली में ही अरुण से मिला
सूत्रों का यह भी कहना है कि जांच पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि सनी दिल्ली में ही दूसरे शूटर अरुण से मिला था। दरअसल पानीपत से लूट के मामले में जेल जाने व जमानत पर छूटने के बाद अरुण ने भी दिल्ली का रुख किया था। उधर सनी गोगी की हत्या के बाद भाग निकला लेकिन, अरुण के संपर्क में बना रहा। कुछ दिनों तक उसने एक परिचित की मदद से बांदा में भी फरारी काटी और लवलेश के संपर्क में आया। फिर तीनों के साथ मिलकर अतीक व अशरफ की हत्या कर दी।