भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) को मई माह के पहले सप्ताह तक नया निदेशक मिल जाएगा। नए निदेशक के पद पर नियुक्ति के लिए 19 अप्रैल को साक्षात्कार प्रस्तावित है। स्क्रीनिंग में अर्ह मिले आवेदकों के साक्षात्कार के लिए पत्र भेज दिया गया है। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए निदेशक के नाम पर राष्ट्रपति अंतिम मुहर लगाएंगे। इसके बाद संस्थान को चौथा नियमित निदेशक मिल जाएगा। अभी एमएनएनआईटी के निदेशक के प्रोफेसर आरएस वर्मा निदेशक पद की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से 19 मई 2017 को मैसूर विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान विभाग के प्रो. पी नागभूषण को ट्रिपलआईटी के तीसरे नियमित निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। उनका पांच साल का कार्यकाल 18 मई 2022 को पूरा होना था। इससे पहले ही प्रोफेसर पी नागभूषण का चयन आंध्र प्रदेश के विग्नान फाउंडेशन फार साइंस, टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च मानित विश्वविद्यालय में कुलपति पद पर हो गया।
कुलपति के पद पर चयन होने के बाद प्रोफेसर नागभूषण ने आठ जनवरी को अपना इस्तीफा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को भेजकर 18 फरवरी तक पदमुक्त करने की मांग की थी। हालांकि, राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा नामंजूर करते हुए कहा कि दो अप्रैल तक पद पर बने रहने को कहा था। इस पर दो अप्रैल को प्रोफेसर नागभूषण मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के निदेशक प्रो. आरएस वर्मा को पदभार सौंपकर चले गए। इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने नए निदेशक की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया शुरू कर चुका था।
इसके लिए आवेदन लिए जा चुके थे। देशभर से तकरीबन 44 शिक्षाविदों ने इस पद के लिए आवेदन किया है। चयन समिति ने आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग करने के बाद अर्ह आवेदकों की सूची तैयार कर साक्षात्कार पत्र भेज दिया है। 19 अप्रैल को साक्षात्कार प्रस्तावित है। इसके बाद चयन समिति साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों की सूची सीलबंद लिफाफे में मंत्रालय को भेज देगी। मंत्रालय से सूची राष्ट्रपति को भेजी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति नए निदेशक के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे। उम्मीद है कि मई के पहले सप्ताह तक नए निदेशक के नाम पर अंतिम मुहर लग जाएगी।