मीरगंज/ फतेहगंज पूर्वी। बृहस्पतिवार सुबह आई तेज आंधी से ग्रामीण क्षेत्र में कई जगह भारी-भरकम पेड़ गिर गए। पेड़ की चपेट में आने से बिजली की लाइनें और पोल भी टूट गए। फतेहगंज पश्चिमी और मीरगंज में सड़क पर पेड़ गिरने की वजह से आवागमन भी बाधित रहा। दर्जनों गांव में बिजली गुल हो गई। देर रात तक कई गांव में बिजली सप्लाई बहाल नहीं हुई।
आंधी से फतेहगंज पूर्वी से दातागंज मार्ग को जाने वाली सड़क पर ईंट भट्टे के पास पेड़ गिर गया। गनीमत यह रही कि कोई उसकी चपेट में नहीं आया। पेड़ गिरने से बदायूं की ओर से आने वाले वाहनों के साथ फतेहगंज से नवादा मोड़ होते हुए दातागंज, बदायूं की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने के चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। यहां से गुजरने वाले वाहनों को लाइखेड़ा की ओर डायवर्ट किया गया। कस्बे की ओर से आने वाहनों को बरगंवा होते हुए टिसुआ की ओर से निकलवाया गया। करीब तीन घंटे बाद पेड़ हटाकर आवागमन सुचारु कराया।
मीरगंज क्षेत्र में जाफरपुर फीडर से जुड़े सभी गांवों की बिजली गुल हो गई। शीशगढ़, जाफरपुर, बल्ली, ढकिया डाम, लखीमपुर, सहोड़ा, बसई, सुल्तानपुर, दुनका, धनेली आदि गांव में देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं हुई।
छह से अधिक पेड़ गिरे
तेज आंधी में पेड़ टूटने की वजह से धनेटा-शीशगढ़ रोड और गनेशपुर-औरंगाबाद रोड पर पेड़ गिरने से घंटों आवागमन बाधित रहा। यहां से गुजरने वाले वाहनों को दूसरे मार्ग से निकाला गया। धनेटा-शीशगढ़ रोड पर बसई और सुल्तानपुर के पास यूकेलिप्टस के पेड़ टूटकर गिर गए। तेज आंधी से आम की फसल को भी नुकसान पहुंचा। संवाद