प्रयागराज जंक्शन पर पीईटी के बाद भीड़ हुई बेकाबू।
- फोटो : अमर उजाला।
जिन यात्रियों का ट्रेन में रिजर्वेशन था, वह अपनी ही सीट से वंचित हो गए। जिनका प्रयागराज से ट्रेन में आरक्षण था उनमें से भी तमाम लोग भीड़ की वजह से ट्रेन में नहीं चढ़ सके। इस बीच कुछ परीक्षार्थी रेलवे ट्रैक पर उतर गए। इस आपाधापी में डीआरएम रजनीश अग्रवाल के निर्देश पर झांसी के लिए स्पेशल ट्रेन चलाए जाने का एलान किया गया। आरपीएफ को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं जंक्शन के सिटी साइड पर यात्री आश्रय गेट के पास 10 अतिरिक्त एटीएम मशीनें लगा दी गईं ताकि टिकट लेने और नकद निकालने में अभ्यर्थियों को परेशानी न हो।
इसके पूर्व पूर्वोत्तर रेलवे ने भी परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किया। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से प्रयागराज (वाया कानपुर) के लिए शुक्रवार शाम 6:15 बजे ट्रेन चलाई गई जो सात सितंबर को भी चलेगी। इसी रूट से शुक्रवार को 3:25 बजे दूसरी स्पेशल ट्रेन चलाई गई जो शनिवार और रविवार को भी संचालित होगी। पूर्वोत्तर रेलवे ने अनारक्षित गाड़ी संख्या 05327 बलिया-मऊ-वाराणसी-प्रयागराज (रामबाग) चलाई।
पीईटी के बाद सिविल लाइंस रोडवेज पर बस में चढ़ने के लिए करनी पड़ी जद्दोजहद
- फोटो : अमर उजाला।
झांसी, फतेहपुर के लिए एक के बाद एक चला दीं कई बसें
सिविल लाइंस बस स्टेशन पर झांसी के लिए शुक्रवार को एक के बाद एक कई बसें चलाई गईं। इसके बाद भी झांसी जाने के लिए काफी देर तक अभ्यर्थियों की भीड़ जमा रही। उरई के लिए भी 10 से ज्यादा बसें रात नौ बजे तक चलाई गईं। पीईटी में प्रयागराज की महिला परीक्षार्थियों का सेंटर फतेहपुर गया है। इस वजह से फतेहपुर के लिए भी बसों की डिमांड काफी रही। बस स्टेशन पर सुल्तानपुर के रहने वाले राहुल यादव ने बताया कि उनका सेंटर आगरा गया हैै। इसी तरह एक अन्य प्रतियोगी छात्र अनुराग ने बताया कि उनका सेंटर बहराइच में है।
पीईटी के बाद प्रयागराज जंक्शन पर जुटी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला।
बुंदेलखंड रवानगी के एक घंटे पहले ही खड़ी कर दी स्पेशल ट्रेन
प्रयागराज जंक्शन पर शुक्रवार को झांसी जाने वाले पीईटी परीक्षार्थियों की भारी भीड़ से सबक लेते हुए शनिवार को बुंदेलखंड एक्सप्रेस की रवानगी के एक घंटे पहले ही प्लेटफार्म नंबर आठ पर स्पेशल ट्रेन खड़ी कर दी गई। इसका फायदा यह हुआ कि बुंदेलखंड आगमन के दौरान शुक्रवार को जो अफरातफरी रही, उससे शनिवार को निजात मिल गई।
जंक्शन पर लगातार एनाउंसमेंट भी किया जाता रहा कि झांसी के लिए स्पेशल ट्रेन खड़ी है। इस दौरान जंक्शन पर स्टेशन निदेशक वीके द्विवेदी, स्टेशन मैनेजर दिलीप ठाकुर, आरपीएफ इंसपेक्टर अमित मीणा आदि लगातार परीक्षार्थियों से स्पेशल ट्रेन में बैठने का आग्रह करते रहे। यह भी बताया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस के पांच से दस मिनट के अंतराल पर उक्त ट्रेन झांसी पहुंच जाएगी। उधर एडीआरएम दीपक कुमार ने भी कंट्रोल रूम को निर्देश दिया कि किसी भी कीमत पर स्पेशल ट्रेन लेट नहीं होनी चाहिए।