इलाहाबाद में लगने वाले माघ मेला अवधि में रेलवे यात्रियों से मेला सरचार्ज वसूले जाने की कार्रवाई करेगा। मेला सरचार्ज 12 जनवरी से 24 फरवरी तक रेलवे वसूलेगा। मेला सरचार्ज की जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी एवं फर्स्ट एसी की श्रेणी में अलग-अलग दरें हैं। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्री सुविधाएं बढ़ाने की एवज में ही मेला सरचार्ज लिया जाता है।
माघ मेला इस बार 12 जनवरी को पौष पूर्णिमा से शुरू हो रहा है।
इसका समापन 24 फरवरी को महाशिवरात्रि के मौके पर होगा। इस अवधि में 14 को मकर संक्रांति, 27 को मौनी अमावस्या, एक फरवरी को बसंत पंचमी, 10 फरवरी को माघी पूर्णिमा के स्नान पर्व होंगे। मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे अतिरिक्त ट्रेनें, अतिरिक्त टिकट एवं रिजर्वेशन काउंटर आदि इंतजाम करता है। इसकी एवज में रेलवे यात्रियों से मेला सरचार्ज लेगा। जनरल और स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्रियों को 05 रुपये, थर्ड एसी के यात्रियों को 10 रुपये, सेकंड एसी के यात्रियों को 15 एवं फर्स्ट एसी के यात्रियों को मेला सरचार्ज के रूप में 20 रुपये चुकाने होंगे। जिन यात्रियों ने पूर्व में टिकट रिजर्व करवाएं हैं उनसे मेला सरचार्ज सफर के दौरान लिया जाएगा।