बंद रेलवे क्रासिंग पार करते वक्त ट्रैक में बाइक फंसने की वजह से गिरा एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया। घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए पत्नी के साथ ससुराल जा रहा था। युवक की मौत से घर में कोहराम मच गया।
बहरिया थाना क्षेत्र के कपसा जोगापुर गांव के रहने वाले ओम प्रकाश यादव (45) पुत्र पृथ्वीपाल भिवंडी में रहकर प्राइवेट नौकरी करते थे। वे एक दिन पहले मंगलवार को ही भिवंडी से घर आए और अपनी पत्नी शांति देवी के साथ बगई खुर्द के दसवतपुर स्थित ससुराल में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। वे जैसे ही फूलपुर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे क्रासिंग का फाटक पार कर रहे थे। उनकी बाइक रेलवे ट्रैक में फंस गई और वह गिर पड़े। इसी बीच ट्रैक से होकर गुजर रही कोयला लदी मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनका पैर कट गया और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान साथ में रही पत्नी ट्रैक के बाहर जा गिरी, जिससे वह बच गई।
अपने सामने पति की मौत देख वह बेसुध हो गई। सूचना पर आरपीएफ व फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृृतक ओम प्रकाश के तीन बेटियां पूजा, गीता व काजल हैं, जिसमें से सिर्फ पूजा की शादी हुई है। पत्नी शांति देवी का रो-रोकर बुराहाल है।