कैंट थाना क्षेत्र के प्रयागराज मुहल्ले में मंगलवार की शाम चाबी बनाने के नाम पर घर में घुसे ठगों ने दो लाख के जेवर और नकदी उड़ा दी। बुधवार को कैंट थाने में तहरीर दी गई है। उनके हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
अशोक नगर के रहने वाले रमेश चंद्र यादव प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड हैं। मंगलवार की शाम दो व्यक्ति खराब चाबी बनाने की बात कहते हुए घूम रहे थे। रमेश के घर की आलमारी का ताला खराब हो गया था। घर की महिलाओं ने दोनों को आलमारी की चाबी बनाने को कहा। दोनों अंदर गए। थोड़ी देर बाद उन्होंने बताया कि चाबी ठीक हो गई। पैसा लिया और चले गए।
बुधवार की सुबह घर वालों ने किसी काम से आलमारी खोली तो हक्के बक्के रह गए। अंदर से 40 हजार नकद और तकरीबन डेढ़ लाख के जेवर गायब थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। रमेश के छोटे भाई ने तहरीर देकर बताया कि दोनों सरदार के हुलिए में थे। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। ब्यूरो