संगम में डूबने वाले छात्र अमन कुशवाहा, प्रणव दुबे, हिमांश सचान। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे तीन दोस्त स्नान करते वक्त संगम में डूब गए। तीनों अपने एक अन्य दोस्त के साथ मंगलवार शाम नहाने पहुंचे थे और तभी यह हादसा हो गया। बुधवार सुबह जल पुलिस व एसडीआरएफ तलाश में लगी और करीब आठ घंटों बाद अमन कुशवाहा (18) का शव बरामद कर लिया। नदी में डूबे अन्य दोनों किशोरों का कुछ पता नहीं चला।
अमन उतरांव के मोतिहा गांव का रहने वाला था। जो शहर में किराये पर रहकर आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी करता था। उसके साथ ही प्रणव दुबे (17) निवासी रेहठू सैदाबाद हंडिया, भोगनीपुर कानपुर देहात का हिमांश सचान (17) और कानपुर का ही मनीष सिंह भी रहता था। चारों जार्जटाउन के सोहबतियाबाग स्थित सचान क्लासेस में आईआईटी प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। मंगलवार शाम सभी गंगा नदी में स्नान करने के लिए संगम नोज पर पहुंचे थे।