इलाहाबाद(ब्यूरो)। मैगी पर हल्ला मचने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने अन्य नूडल्स कंपनियों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभागीय टीम ने शनिवार को बिग बाजार में छापा मारकर तीन अन्य कंपनियों के नूडल्स सहित खाद्य सामग्रियों के सात नमूने जांच के लिए भेजे। साथ ही बिग बाजार में नमकीन सप्लाई करने वाले एक प्रतिष्ठान को नोटिस भी जारी किया।
विभाग के अभिहित अधिकारी हरि मोहन श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सीएल यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तूलिका शर्मा एवं योगेश कुमार राय की टीम ने बिग बाजार में छापा मारा। जांच के दौरान टीम ने पाया गया कि बिग बाजार से मैगी के सभी पैकेट वापस कर दिए गए हैं। वहां मैगी की बिक्री नहीं मिली। टीम को मौके पर चिंग्स, नॉर और निशिन कंपनी के नूडल्स के पैकेट मिले। तीन कंपनियों के नूडल्स का एक-एक नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब में भेज दिया गया। इसके अलावा मौके से एप्पी जूस, नमकीन, मसूर दाल एवं अमूल कूल लस्सी का एक-एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। टीम ने बिग बाजार में नमकीन सप्लाई करने वाले प्रतिष्ठान के दस्तावेजों की जांच की तो पाया कि प्रतिष्ठान ने अपना टर्नओवर कम दिखाया है। नमकीन की सप्लाई महाजनी टोला के बनारसी अग्रवाल सप्लाई करते हैं। कम टर्नओवर दिखाने पर विभाग ने उन्हें नोटिस जारी कर दिया।