इलाहाबाद। रसोई में गैस खत्म होने वाली है और नए सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं तो मुसीबत झेलने के लिए तैयार रहिए। कंपनियों ने बैकलॉग कम करने के लिए नई तरकीब निकाल ली है। अब बुकिंग के दो दिन के अंदर घर में सिलेंडर नहीं पहुंचा तो नई बुकिंग के लिए तैयार रहिए। 40 घंटे के बाद पुरानी बुकिंग कंपनियां निरस्त कर देंगी। ऐसे एसएमएस से ग्राहक परेशान हैं। इसे लेकर गैस एजेंसियों पर ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक भी हो रही है। नई मुसीबत से निपटने के लिए कुछ एजेंसी संचालकों ने पुरानी बुकिंग पर ही सिलेंडर की डिलेवरी शुरू कर दी है।
अप्रैल तक बुकिंग के 15-20 दिन बाद भी हॉकर सिलेंडर लेकर पहुंचते रहे हैं। तब, कंपनियों ने 80 घंटे का डिलेवरी टाइम एजेंसियों को दिया था लेकिन बुकिंग निरस्त कम होती थी। ग्राहकों की शिकायत है कि पिछले पखवाड़ेभर से नई समस्या खड़ी हो गई है। तीसरे दिन तक गैस नहीं पहुंचने पर बुकिंग निरस्त होने के एसएमएस पहुंचने लगे हैं। एसएमएस में विकल्प दिया जा रहा है कि बुकिंग निरस्त होने की वजह एजेंसी पर पता करें या नई बुकिंग कराएं। तमाम ग्राहक ऐसे भी मिले जिन्हें दो-तीन बार बुकिंग कराने के बाद ही रसोई गैस मिल सकी। बार-बार बुकिंग निरस्त करने की सूचना ने परेशान किया वह अलग।
एजेंसी संचालक बताते हैं कि गैस कंपनियों ने नया नियम लागू कर दिया है। अब 40 घंटे में ही सिलेंडर आपूर्ति का समय दिया जा रहा है। जबकि, इलाहाबाद में नो इंट्री के कारण दिन में एजेंसियों को गैस ही नहीं मिलती। इससे बैकलॉग बढ़ रहा है। साथ ही डिमांड से कम सिलेंडर होने या एजेंसी की क्षमता कमतर होने से ग्राहकों को 40 घंटे के अंदर सिलेंडर आपूर्ति करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में रास्ता निकाला गया है कि बुकिंग निरस्त होने के बाद भी गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए। गैस न मिलने पर ग्राहक एजेंसियों पर हंगामा काट रहे हैं। कंपनियों ने इस पर सख्ती दिखाई तो मुश्किल खड़ी हो सकती है।