पिछले सप्ताह जापान में हुए एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की विजेता रही भारतीय टीम की सदस्य गुरजीत कौर के फ्लैट में बुधवार देर रात चोर ताला तोड़कर एलईडी, डालर सहित काफी मात्रा में कीमती सामान चुरा ले गए। पंजाब से गुरजीत की चचेरी बहन गुरुवार को लौटीं तो उन्हें रेलवे कालोनी स्थित फ्लैट से चोरी की जानकारी हुई। इस खबर पर खुल्दाबाद थाने की पुलिस पहुंची। फ्लैट की पड़ताल के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
घनश्यामनगर रेलवे कालोनी के फ्लैट में डीआरएम आफिस में कार्यरत पंजाब की गुरजीत कौर अपनी चचेरी बहनों जसवीर कौर, अन्नूबाला और हरियाणा की पूजा, सविता और निशा के साथ रहती हैं। निशा, जसवीर कौर और अन्नूबाला डीआरएम आफिस में क्लर्क हैं जबकि पूजा व सविता टीटी हैं। इस समय गुरजीत कौर पंजाब स्थित घर में हैं। तबीयत खराब होने के कारण जसवीर भी पंजाब गई हुई थीं। बाकी सभी खिलाड़ी छत्तीसगढ़ खेलने गईं हैं।
जसवीर गुरुवार सुबह पंजाब से लौटीं तो फ्लैट के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमरों से दो एलईडी टीवी, अमेरिका व कनाडा के करीब साढ़े तीन सौ डॉलर, करीब आठ हजार रुपये, दो घड़ी, कीमती चश्मा तथा घरेलू सामान गायब मिले। एशिया हाकी कप विजेता टीम की खिलाड़ी के फ्लैट में चोरी की खबर से पुलिस अधिकारियों में भी सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। एसओ खुल्दाबाद आरपी सिंह ने बताया कि अन्नू बाला की ओर से केस दर्ज कर चोरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
गुरजीत के फ्लैट से चोरी को एसएसपी आकाश कुलहरि ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने इस मामले का खुलासा करने के निर्देश सीओ प्रथम को दिए हैं। कहा है कि आसपास के सीसीटीवी फु टेज के आधार पर पड़ताल की जाए। हुलिए के आधार पर बदमाशों का पता लगाए और चोरी हुए माल की बरामदगी की जाए।