प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा-2016 में चयनित अभ्यर्थियों के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में ज्वाइन न करने से रिक्त रह गए पदों पर वेटिंग लिस्ट वालों को जनवरी-2023 के अंत में नियुक्ति मिल जाएगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में इस दिशा में काम शुरू कर दिया है।
बोर्ड की ओर से जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार उच्च न्यायालय के आदेश से आच्छादित रिक्तियों को छोड़ते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशालय से प्राप्त सभी रिक्तियों के विवरण को 15 नवंबर तक चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिया जाएगा। मूल आवंटन के समय अपनाई गई प्रक्रिया की तरह पुन: नवीन अधिमानता भरने के लिए चयन बोर्ड की ओर से 27 नवंबर तक निर्देश जारी कर दिया जाएगा।