पीसीएस मुख्य परीक्षा हमेशा लखनऊ और प्रयागराज के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाती रही है, लेकिन इस बार पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा गाजियाबाद में भी होगी। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने यह निर्णय लिया है। गाजियाबाद को केंद्र के रूप में चुनने के लिए अभ्यर्थियों को अलग से अवसर दिया जा रहा है। अभ्यर्थी आयोग की वेसाबइट पर 28 जुलाई से चार अगस्त तक गाजियाबाद के रूप में नए परीक्षा केंद्र का विकल्प चुन सकते हैं। परीक्षा में छह हजार से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल होना है।
पीसीएस के 529 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा पिछले साल 15 दिसंबर को आयोजित की गई थी। प्रारंभिक परीक्षा के लिए 544664 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 318147 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम इस साल 17 फरवरी को जारी किया, जिसमें मुख्य परीक्षा के लिए 6320 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया।
आयोग के कैलेंडर में पीसीएस-2019 की मुख्य परीक्षा पहले 20 अप्रैल से प्रस्तावित थी, लॉक डाउन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद 25 जुलाई से मुख्य परीक्षा प्रस्तावित की गई, लेकन इस दौरान संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा का इंटरव्यू था, सो 25 जुलाई की जगह मुख्य परीक्षा की नई तिथि 25 अगस्त निर्धारित की गई है।
मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के रूप में दो जनपदों प्रयागराज और लखनऊ में से किसी एक जिले का चयन करना था, लेकिन तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए आयोग ने गजियाबाद जिले को नए परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल कर लिया है। मुख्य परीक्षा अब प्रयागराज, लखनऊ और गाजियाबाद में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र के अनुसार मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी और इनमें से आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण़ कर चुके अभ्यर्थी अगर पूर्व में परीक्षा केंद्र के रूप में चुने गए जनपद की जगह गाजियाबाद को परीक्षा केंद्र के रूप में चुनना चाहते हैं तो 28 जुलाई से चार अगस्त तक आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा केंद्र परिवर्तित कर सकते हैं।
पश्चिमी यूपी के अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
आयोग के इस निर्णय से पश्चिमी यूपी के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। गाजियाबाद एवं आसपास के जिलों से तमाम अभ्यर्थी अब गाजियाबाद को परीक्षा केंद्र के विकल्प के रूप में चुन सकते हैं। इसके अलावा पीसीएस में दिल्ली एवं अन्य राज्यों से अभ्यर्थी भी शामिल होते हैं। परीक्षा के लिए गाजियाबाद आना उनके लएि भी अधिक सुविधाजनक रहेगा।