बीएसएनएल इस बार मेला क्षेत्र में बेहतर मोबाइल नेटवर्क देने का दावा कर रहा है। इसके लिए उसने वहां अलग-अलग सेक्टरों में चार टॉवर लगाए हैं। इनकी कनेक्टिविटी भी शुरू हो गई है। वहीं, झूंसी, अल्लापुर और नैनी क्षेत्र के टॉवर के बीटीएस का रुख संगम की ओर मोड़ दिया गया है।
मेले के दौरान संगम नोज पर ही अधिक भीड़ होने से नेटवर्क हमेशा खराब हो जाता है। इस बार दावा किया जा रहा है कि संगम नोज के पास भी अच्छा नेटवर्क होगा। मेला क्षेत्र में बीएसएनएल के कार्यालय, कैंप से श्रद्धालु सिम भी खरीद सकेंगे। दावा है कि इस बार मेला क्षेत्र में कॉल ड्रॉप की समस्या से बीएसएनएल उपभोक्ताओं को मुक्ति मिल जाएगी।
लैंडलाइन और फाइबर इंटरनेट का भी मिलेगा कनेक्शन
बीएसएनएल की ओर से माघ मेला क्षेत्र में इस बार ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट कनेक्शन भी दिए जाएंगे। ब्रॉडबैंड आधारित इस कनेक्शन संग लैंडलाइन की भी सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए श्रद्धालु को 500 रुपये देने होंगे। अब तक बीएसएनएल को 21 आवेदन भी प्राप्त हो चुके हैं। रविवार से मेला क्षेत्र में कैंप में भी यह कनेक्शन मिलने शुरू हो जाएंगे।
माघ मेला के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु व पर्यटक संगम क्षेत्र में आते हैं। इस दौरान नेटवर्क की समस्या से उन्हें न जूझना पड़े, इसके लिए तमाम तरह की तैयारियां की गई हैं। मेला क्षेत्र में इस बार फाइबर इंटरनेट की भी सुविधा मिलेगी, जिससे लोग इंटरनेट का भी भरपूर इस्तेमाल कर सकेंगे।
- आशीष गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, बीएसएनएल