मौनी अमावस्या पर प्रयागराज जंक्शन समेत शहर केे रेलवे स्टेशनों से बुधवार को तकरीबन 200 स्पेशल समेत 400 से ज्यादा ट्रेन चलाए जाने की तैयारी की गई है। पर्व के एक दिन पूर्व ही भारी संख्या में यहां यात्रियों का आवागमन भी शुरू हो गया है। मंगलवार को ही उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा 60 से अधिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा चुका था।
बताते चलें एक जनवरी से 27 जनवरी के मध्य इन तीनों ही जोनल रेलवे द्वारा 1425 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसमें सर्वाधिक 940 स्पेशल ट्रेन एनसीआर द्वारा चलाई गई। प्रयागराज जंक्शन पर अमावस्या के एक दिन पूर्व कलर कोडिंग लागू हो जाने की वजह से यात्रियों को रूट वार कलर जनरल टिकट दिए गए।
स्टेशनों पर वन वे लागू हो जाने की वजह से यात्रियों को एक ओर से प्रवेश तो दूसरी ओर से निकासी दी गई। स्पेशल ट्रेन से प्रयागराज पहुंचे बागपत के राजीव चौधरी ने बताया कि वह पहले भी कुंभ का स्नान करने के लिए आ चुके हैं, लेकिन इस बार भीड़ काफी है। उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस साइड से संगम का कोई साधन न मिलने की वजह से परिवार के सदस्यों के साथ पैदल ही जाना पड़ रहा है।
इसी तरह सासाराम बिहार से पहुंचे रामकेश मौर्य ने बताया कि उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन पकड़ी। ट्रेन में काफी भीड़ आई। यहां उतरकर मालूम पड़ा कि गंगा स्नान के लिए पैदल ही जाना होगा। वहीं दूसरी ओर गंगा स्नान के बाद प्रयाग स्टेशन पर अयोध्या की तरफ जाने वाली यात्रियों की भीड़ काफी हो गई। इस दौरान यहां से अयोध्या के लिए एक मेमू ट्रेन चलाई गई।
उसके बाद भी भीड़ कम नहीं हुई तो एक और मेमू ट्रेन चलाए जाने का एलान किया गया। इसी तरह झूंसी स्टेशन पर वाराणसी की तरफ से आने वाली ट्रेनें यात्रियों से ठसाठस आई। यहां आने वाली सभी ट्रेनें चंद मिनटों में ही खाली हो जाती। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि इस बार सभी स्टेशनों पर एनाउंसमेंट किया जा रहा है कि किस स्टेशन से किस रूट की ट्रेनें यात्रियों को मिलेंगी। उन्होंने बताया कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए रूटीन ट्रेनों के आरक्षित टिकट वाले यात्री निर्धारित समय के पूर्व ही स्टेशनों के आरक्षित आश्रय स्थल पर पहुंचे। कहा कि अमावस्या पर प्रत्येक चार मिनट में ट्रेन चलाने की तैयारी है।
रेलवे स्टेशन पर जाने वालों के मुकाबले आने वाले यात्रियों की भारी भीड़
- अमावस्या के मौके पर प्रयागराज के रेलवे स्टेशनों पर जाने वाले यात्रियों की तुलना में आने वाले यात्रियों की संख्या में तकरीबन चार गुना वृद्धि हो गई है। यहां तमाम शहरों से आने वाले वाली ट्रेनें दिन भर यात्रियों से भरी ही आईं। इस बीच प्रयागराज जंक्शन के अंदर एवं बाहर दिन भर आसपास के स्टेशनों पर डायवर्ट हुई ट्रेनों को लेकर एनाउंसमेंट किया जाता रहा। दोपहर दो बजे के आसपास यहां एनाउंसमेंट हुआ कि प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस सूबेदारगंज से रवाना होगी।
कालिंदी एक्सप्रेस को लेकर कहा गया कि इसका संचालन कानपुर से प्रयागराज के बीच नहीं होगा, जबकि चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस प्रयाग स्टेशन से यात्रियों को मिलेगी। इस बीच दारागंज स्थित प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन भी यात्रियों की आवाजाही के लिए बंद रहा। यहां स्टेशन पर एनाउंसमेंट किया जाता रहा कि लखनऊ और अयोध्या रूट की ट्रेनों के लिए यात्री प्रयाग और फाफामऊ स्टेशन की ओर रवाना हो।
रूट वार इन स्टेशनों से मिलेंगी ट्रेनें
प्रयाग, फाफामऊ जंक्शन : रायबरेली, लखनऊ, जौनपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या की ओर।
प्रयागराज रामबाग, झूंसी : वाराणसी, मऊ, गोरखपुर, बलिया, छपरा की ओर।
प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज : कानपुर, आगरा, अलीगढ़, दिल्ली की ओर।
नैनी, छिवकी, प्रयागराज जंक्शन : विंध्याचल, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, पटना की ओर।
प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी : मानिकपुर, चित्रकूट, महोबा, झांसी, सतना, जबलपुर की ओर।