there are chances of early flights from prayagraj to other cities
रेलवे द्वारा स्पेशल राजधानी ट्रेनों का संचालन शुरू करने के बाद अब उड्डयन मंत्रालय हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी में जुटा है। वहीं तमाम विमानन कंपनियां एक जून 2020 से ही विभिन्न शहरों की बुकिंग कर रही हैं, लेकिन चर्चा है कि 18 मई से संभावित लॉकडाउन पार्ट-4 के साथ आवश्यक नियम शर्तों पर कुछ शहरों के लिए उड़ान शुरू हो सकती हैं।
प्रयागराज एयरपोर्ट में भी उड़ान शुरू करने को लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। परिसर में बीते तीन दिन से मार्किंग का काम चल रहा है। बुधवार को इस कार्य में तेजी भी आई। एयरपोर्ट टर्मिनल के गेट नंबर एक और दो से चेक इन काउंटर, लगेज स्कैनर मशीन से चेकिंग प्वाइंट आदि तक एक-एक मीटर की दूरी पर मार्किंग की गई है। इसके अलावा परिसर में हवाई यात्रियों के लिए सलाह के होर्डिंग भी लगाए गए हैं। इसमें यात्रियों के लिए तमाम दिशा निर्देश लिखे गए हैं। एयरपोर्ट टर्मिनल के तमाम स्थानों पर उचित दूरी बनाए रखे वाले बैनर भी टांगे गए हैं। लगेज ट्राली को भी प्रत्येक उपयोग के बाद सैनिटाइज करवाने की तैयारी है। एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव का कहना है कि अभी विमान संचालन के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन फिर भी हमारी तैयारी है कि जब भी विमान संचालन शुरू हो हमारी तैयारी पूरी रहे।