झूंसी में कारसवार दबंगों ने प्रकाश चंद्र द्विवेदी( 20) को अगवा कर जमकर पीटा। साथ ही नगदी व सोने की चेन छीन ली। पिता का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। उसने उच्चाधिकारियों के साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
घूरपुर निवासी रमेश चंद्र दुबे का आरोप है कि उसका बेटा प्रकाश रिश्तेदार के घर झूंसी जा रहा था। इसी दौरान करीब एक दर्जन लोग सफारी व चार-पांच मोटरसाइकिलों से आए और फिर उसे कार में अगवा कर एक होटल में ले गए। वहां जमकर पीटने के बाद वीडियो बना लिया। इसके बाद नीबी ले जाकर सिगरेट से दागा और उसके पास मौजूद 28 हजार नगद व सोने की चेन छीन ली।
किसी तरह सूचना मिलने पर वह पहुंचा तो उससे जबरन सादे चेक पर दस्तखत करा लिए। पीड़ित का यह भी कहना है कि होटल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखने से घटना की पुष्टि हो जाएगी। उसका आरोप है कि शिकायत के बावजूद झूंसी पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जिसके बाद उसने डीआईजी से मामले की शिकायत की है। उसका दावा है कि डीआईजी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।