इलाहाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए अमेरिकी प्रतिनिधि लगातार यहां का दौरा कर रहे हैं। अब स्मार्ट सिटी में निवेश की दृष्टि से पहली बार एक अमेरिकी कंपनी सामने आई है। इस कंपनी ने शहर के उन स्थानों पर वाटर आरओ प्लांट लगाने की बात कही है जहां अधिकांश लोगों के पास वाटर फिल्टर या अन्य प्यूरीफायर आदि नहीं है। कंपनी का कहना है कि वह आठ रुपये में लोगों को 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराएगी। हालांकि नगर निगम प्रशासन ने अभी इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति नहीं जताई है।
यूएस इंडिया बिजनेस काउंसिल की टीम ने मेयर अभिलाषा गुप्ता और कमिश्नर राजन शुक्ला से मुलाकात कर निवेश की दृष्टि से अपना प्रस्ताव दिखाया है। बिजनेस काउंसिल का कहना है कि वे स्मार्ट सिटी में निवेश करना चाहते है। इसके लिए शहर के तमाम इलाकों में वे आरओ प्लांट लगाना चाह रहे हैं। टीम के सदस्यों ने आरओ प्लांट के लिए जमीन की मांग की है। साथ ही कहा है कि वे इसके लिए सर्वे भी करेेंगे कहां-कहां आरओ प्लांट लगाया जा सकता है। इस बारे में महापौर अभिलाषा गुप्ता ने अभी संबंधित कंपनी के प्रपोजल को अभी हरी झंडी तो नहीं दी है, लेकिन इतना जरूर कहा है कि वे पानी के मूल्य में कमी करें, तभी इस बारे में सोचा जा सकता है।