इलाहाबाद हाईकोर्ट, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, कर्मचारी चयन आयोग, प्रयागराज विकास प्राधिकरण, प्रयागराज नगर निगम, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रो. राजेंद्र प्रसाद रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय, एमएनएनआईटी, ट्रिपलआईटी, एनसीआर रेलवे, प्रयागराज जंक्शन, पुलिस लाइंस, कचहरी, बोर्ड आफिस, एजी आफिस, पुलिस मुख्यालय, राजस्व परिषद मुख्यालय, नैनी सेंट्रल जेल, कलेक्ट्रेट आदि में ध्वजारोहण किया गया। स्कूलों के बच्चों ने सुबह प्रभात फेरी निकाली। भारत माता की जय के नारे से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। संगम तट पर स्थित श्री बडे़ हनुमानजी का स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विशेष श्रृंगार किया गया। इसी तरह विभिन्न अखाड़ों में भी आजादी का जश्न मनाया गया।
चंद्रशेखर आजाद पार्क, पीडी टंडन पार्क, हाथी पार्क, शॉपिंग मॉल्स, पीवीआर समेत अन्य स्थानों पर भारी भीड़ देखी गई। आजाद पार्क पर सुबह से ही लोगों लंबी लाइन लगी रही। यहां पर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को तोपों को सलामी दी गई और देश को आजाद कराने के लिए दिए गए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया। उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। शहर में तिरंगा झंडा की जमकर बिक्री हुई। शहर भर में हर चट्टी चौराहे और बाजार में तिरंगा दिखा। लोगों ने अपने घरों और वाहनों पर तिरंगा झंडा लगाकर देश के प्रति अपनी भक्ति और प्रतिबद्धता जाहिर की।