जार्जटाउन में शिक्षक विधायक के दामाद की फॉर्च्यूनर कार चोर घर के बाहर से उड़ा ले गए। घटना को भोर में अंजाम देकर चोर वाहन समेत निकल भागे। सुबह जानकारी पर भुक्तभोगी ने जार्जटाउन थाने में तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।
शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी के दामाद डॉ. अजय शुक्ला जार्जटाउन में रहते हैं। अमरनाथ झा मार्ग पर कॉपरेटिव चौराहे के पास स्थित मकान में ही वह हॉस्पिटल चलाते हैं। रोज की तरह शनिवार रात भी उन्होंने अपनी फॉर्च्यूनर कार हॉस्पिटल के बाहर खड़ी की थी। सुबह उठने पर कार नहीं दिखीं जिस पर परिजनों के होश उड़ गए।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पता चला कि कार चोर उड़ा ले गए हैं। घटना भोर में 3.40 बजे के करीब हुई। फुटेज देखने से यह भी पता चला कि चोर चार पहिया वाहन से आए थे। जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि फिलहाल अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। फुटेज के सहारे चोरों की तलाश की जा रही है।