हत्या का सीसीटीवी फुटेज वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसका चेहरा पहचाना। फिर, मृतक की पत्नी के जरिये जानकारी ली गई। पुलिस की टीम उसी पवन एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो ली, जिससे रोहित घर लौट रहा था। उसकी मोबाइल फोन के जरिये लगातार लोकेशन भी ली जाती रही। नैनी रेलवे स्टेशन पर उतरते ही मुंबई पुलिस ने सोमवार को उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके नैनी थाने लाई और दस्तावेजी औपचारिकता के बाद उसे फ्लाइट से लेकर मुंबई ले गई। मुंबई में मनोज के साथ रह रहे उसके भाई हरिकेश लालचंद चौहान ने एफआईआर दर्ज कराई है।
58 अफसरों-पुलिसकर्मियों की लगी थी टीम
दिनदहाड़े बेखौफ अंदाज में की गई हत्या से मुंबई में सनसनी मच गई थी। इसके खुलासे के लिए मुुंबई पुलिस के 58 अफसरों व पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई थी। इसका नेतृत्व जोन 11 के डीसीपी अजय कुमार बंसल कर रहे थे। टीम ने 24 घंटे लगातार पीछा करके आरोपी को नैनी रेलवे स्टेशन से दबोचा था।
प्रेमिका से मिलने पहुंच गया था जौनपुर, हुई थी पिटाई
सूत्रों का कहना है कि आरोपी रोहित को एक बार मृतका के ससुराल पहुंचने पर पीटा भी गया था। वह प्रेमिका से मिलने के लिए उसके मछलीशहर, जौनपुर स्थित ससुराल पहुंच गया था। जानकारी होने पर युवती के ससुराल व मायकेवालों ने उसकी पिटाई की थी।