हाईकोर्ट फ्लाईओवर व खुल्दाबाद में शराब सेल्समैनों से लाखों की लूट करने वाले छह बदमाश रविवार को जेल भेज दिए गए। उनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह मौजमस्ती व अय्याशी के लिए लूट की वारदात करते थे। यही नहीं खुल्दाबाद में दो लाख की लूट उन्होंने उधार के तमंचे से अंजाम दी थी।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में कैंट पुलिस ने शनिवार को छह बदमाशों को गिरफ्तार किया था। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए शेबू उर्फ अनस, मोनू खान, मो. शारिक, सोनू उर्फकल्लू, मो. कासिम व मो. आलम के कब्जे से 1.08 लाख नगद, दोनों घटनाओं में प्रयुक्त दो बाइक व एक स्कूटी बरामद हुई। इन्होंने पूछताछ में बताया कि लूट के बाद काफी रुपये गर्लफ्रेंड व महंगे शौक पूरे करने में खर्च कर दिए।
खुल्दाबाद में हुई लूट के बाद तो काफी दिनों तक बदमाशों ने सिर्फ महंगे होटलों में खाना खाया। इनके कब्जे से पिस्टल भी बरामद हुई है। सभी को जेल भेज दिया गया है। उधर सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में बदमाशों ने यह भी बताया कि खुल्दाबाद के ही एक शख्स से तमंचा उधार लेकर इन्होंने लूकरगंज में दो लाख की लूट की वारदात की। इसके बाद 30 हजार में एक पिस्टल खरीदी।