नैनी जेल से सोमवार को पेशी पर लाया गया बंदी सुनील कुमार गुप्ता जिला कचहरी परिसर से फरार हो गया। जेल में उसके कब्जे से मोबाइल मिलने के मामले में उस पर प्रिजनर एक्ट के तहत मुकदमा लिखा था जिसमें सोमवार को उसे तलब किया गया था। सूचना पर शहर भर में घेराबंदी की गई लेकिन उसका पता नहीं चला।
इसी मामले में नैनी पुलिस ने उसका वारंट बनवाया था जिस पर उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। हवालात सुरक्षा में लगा दीवान ओमप्रकाश यादव उसे लेकर अदालत परिसर में पहुंचा। इसी दौरान मौका पाकर वह भाग निकला। कुछ देर बाद उसे न पाकर सिपाही के होश उड़ गए। खोजबीन के बाद भी वह नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी पर कर्नलगंज के साथ ही शहर भर में घेराबंदी की गई लेकिन उसका पता नहीं चला। खबर लिखे जाने तक उसकी खोजबीन जारी थी।