इंडोनेशियाई नागरिकों के सीधे संपर्क में आने वाले पहले ही क्वारंटीन किए जा चुके हैं। इनके साथ मुसाफिर खाना में पकड़े गए लोगों के संपर्क में आने वालों को भी क्वारंटीन किया जाएगा। ऐसे लोगों को चिह्ति करने के लिए टीम बना दी गई है। साथ में लोगों से भी अपील की गई कि ऐसे संदिग्धों की सूचना कंट्रोल रूम में दें। ताकि, जांच कराई जा सके।
मरकज में शामिल होने के बाद यहां आए सभी नौ लोग मुसाफिर खाना में रुके थे। ये लोग 22 मार्च को ही यहां आ गए थे। मुसाफिर खाना में रहने वाले 28 लोग इनके सीधे संपर्क में थे। इन सभी को पहले ही क्वारंटीन किया जा चुका है। अब इनके संपर्क में आने वालों की भी तलाश शुरू कर दी गई है। 22 मार्च से अब तक अब्दुल्ला मस्जिद, मुसाफिर खाना में कौन-कौन गया, इस दौरान किन लोगों ने इनसे संपर्क किया सभी की तलाश की जाएगी। इसके मद्देनजर करेली तथा अन्य मोहल्लों के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई है। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि ऐसे सभी लोगों को चिह्ति किया जाएगा और चिकित्सीय जांच कराई जाएगी। उनका कहना है कि जरूरत पड़ी तो उन्हें क्वारंटीन भी किया जाएगा।
‘मुसाफिर खाना से पकड़े गए सभी 37 लोग क्वारंटीन किए गए हैं और कड़ी सुरक्षा में हैं। इसके बावजूद भी यदि किसी ने इस दौरान इनसे मुलाकात की है तो इसकी तत्काल सूचना कंट्रोल रूम में दें। लोगों से भी अपील है कि यदि ऐसा कोई संदिग्ध उनकी नजर में है तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम में दें। क्वारंटीन किए जाने से पहले इन लोगों के संपर्क में आने वालों के बारे में भी कंट्रोल रूम में सूचना दें। ताकि, चिकित्सीय जांच कराके आवश्यक कार्रवाई की जा सके और संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।’
भानु चंद्र गोस्वामी, डीएम