फुंके विद्युत ट्रांसफाॅर्मरों को 24 घंटे के अंदर बदलने का आदेश फेल साबित हो रहा है। यहां कई कई दिन तक फुके ट्रांसफाॅर्मरों को नहीं बदला जा रहा है। इससे धान रोपाई का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
फूलपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव सर्पोशवीर गांव में पखवाड़े भर पहले से ट्रांसफाॅर्मर फुंका पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद दो दिन पहले ट्रांसफाॅर्मर बदला गया। दूसरे दिन ही दोबारा फुंक गया। 15 दिन से अधिक का समय बीत गया है लेकिन इसे फिर नहीं बदला गया। इसी प्रकार फूलपुर तहसील क्षेत्र के मैलहन खंसार विद्युत उपकेंद्र के खंसार गांव में लगा 10 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर पखवारे भर से जला है।
खंसार गांव की मंजू देवी ने बताया कि बस्ती में लगा ट्रांसफाॅर्मर पिछले 10 दिनों से फुंका पड़ा है लेकिन बिजली विभाग के किसी भी कर्मचारी एवं अधिकारी ने सुधि नहीं ली। इसी प्रकार फूलपुर के रसूलपुर गांव के रहने वाले जगदीश प्रसाद तिवारी ने बताया कि उनके मोहल्ले में लगा विद्युत ट्रांसफाॅर्मर महीने भर से भूखा पड़ा है चार बार शिकायत किया, लेकिन आज तक फुंके ट्रांसफाॅर्मर को नहीं बदला जा सका। इसी क्रम में जमुना एवं करुआडीह गांव में भी ट्रांसफाॅर्मर फुंके पड़े हैं।