पहली बारिश के साथ ही शहर की दुर्दशा भी सामने आ गई। सीवर लाइन बिछाने के बाद गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई अब तक सड़कों की मरम्मत नहीं करा सका है। बारिश की वजह से सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हो गए। इससे एलएंडटी की ओर से कराए जा रहे काम की भी कलई खुल गई। शहर की ज्यादातर सड़क, गलियों में जबरदस्त जलभराव और नाला ओवरफ्लो होने के कारण नगर निगम की नाला सफाई की भी पोल खुल गई। कई इलाकों में नाले-नालियों की सफाई के बाद सिल्ट निकालकर सड़क पर रख दी गई थी।
झमाझम बारिश की वजह की वजह से सिल्ट फिर से वापस नालों में बह गई। भोर में शुरू होकर करीब तीन घंटे झमाझम बारिश की वजह से पॉश इलाके सिविल लाइंस, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, दरभंगा कॉलोनी, लूकरगंज की तमाम सड़कों के साथ निचले इलाकों में कुछ देर के लिए बाढ़ सरीका नजारा हो गया। पटरी पार पुराने शहर में नखास कोहना, लोकनाथ, बहादुरगंज, मुट्ठीगंज, कीडगंज, रामबाग, बाई का बाग की सड़कें, गलियां और नाले भी पानी से लबालब हो गए।
बुधवार सुबह सिविल लाइंस की सड़कों पर लोगों का चलना मुहाल हो गया। यहां स्टेनली रोड पर मिश्र भवन चौराहा, सरदार पटेल मार्ग, नवाब यूसुफ रोड, ताशकंद मार्ग, कूपर रोड, स्ट्रेची रोड, लॉयल रोड, क्लाइव रोड, कमला नेहरू रोड की स्थिति बेहद खराब है। इन सभी सड़कों पर एलएंडटी सीवर लाइन बिछवा रहा है। कई सड़कों पर काम पूरा हो चुका है, जबकि सरदार पटेल मार्ग, ताशकंद मार्ग सीवर लाइन बिछाने के बाद गड्ढे पाटकर गिट्टी डाली जा रही है। बुधवार को करीब तीन घंटे हुई झमाझम बारिश के कारण इन सभी सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। सरदार पटेल मार्ग पर ताशकंद मार्ग क्रासिंग से हाटस्टफ चौराहा होकर सुभाष चौराहा तक जगह-जगह गड्ढों के कारण सुबह उसके दोनों तरफ बैरियर और ईंट लगाई गई ताकि वाहन चालक गड्ढों की चपेट में न आए।
नवाब यूसुफ रोड का भी यही हाल रहा। यहां एंग्लोबंगली इंटर कॉलेज चौराहा के पास जबरदस्त जलभराव रहा। नगर निगम सड़क पर नाला भी बनवाया है लेकिन उसे मुख्य नाले से अब तक कनेक्ट नहीं किया गया। इसकी वजह से सड़क पर दोपहर बाद तक पानी भरा रहा। नगर निगम कार्यालय से कोर कार्यालय तक नवाब यूसुफ रोड कई जगह पर धंस भी गई। स्टेनली रोड पर मिश्र भवन चौराहा पर सीवर लाइन क्रास कराने के लिए बीच सड़क की गई खोदाई बारिश में मुसीबत बन गई। सड़क पर पड़ी मिट्टी बारिश की वजह से काफी दूर तक फैल गई। गड्ढे में भी पानी भर गया। महात्मा गांधी मार्ग से लगी सभी लिंक सड़कों, कमला नेहरू रोड पर सीएवी इंटर कॉलेज के पीछे सड़कों पर गड्ढे, दूर तक फैली मिट्टी के कारण कई लोग गिरकर चुटहिल भी हुए।
बुधवार को सुबह करीब तीन घंटे की बारिश में अल्लापुर से लेकर अलोपीबाग तक सड़कों पर पानी ही पानी नजर आया। सड़कों पर जिस तरह जलभराव हुआ, नहीं लगा कि नगर निगम ने नालों की सफाई कराई है, क्योंकि ज्यादातर नाले भी ओवरफ्लो हो गए। अल्लापुर में बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, तुलसी पार्क, शिवनगर आदि में जलभराव हुआ। यहां तुलसी पार्क के आसपास कई मकानों भी पानी भर गया। इसके अलावा जार्जटाउन, टैगोर टाउन, एलआईसी कॉलोनी, हाशिमपुर रोड, अलोपीबाग में विवेकानंद पार्क, रामलीला पार्क के चारों तरफ एवं गलियों में काफी जलभराव रहा। इसकी सूचना मिलने पर पार्षद शिव सेवक सिंह और समाजसेवी कमलेश सिंह ने मोरी गेट और बख्शी बांध पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। पार्षद ने बताया कि मोरी गेट बंद होने के साथ यहां पंप भी नहीं चल रहे थे। इसकी जानकारी कमिश्नर को देने के बाद यहां डीजल वाले दो पंप चालू कराए गए। बख्शी बांध पंपिंग स्टेशन में बिजली न होने के कारण पंप बंद पड़े थे। उनका कहना है कि पंप चालू होते तो यह स्थिति न होती।
एक दिन की बारिश ने ही शहरियों के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी। सड़कों पर जिस तरह पानी भरा, नगर निगम के नाला सफाई के दावों की भी हवा निकल गई। रामबाग से लेकर बाई का बाग तक, साउथ मलाका, कीडगंज की तकरीबन सभी सड़क, गलियां पानी से लबालब रही। रामबाग, बाई का बाग में सड़कों पर खड़ी कई कारों में भी पानी भर गया। इन इलाकों में सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों भी खोदी गई थी, बारिश के कारण सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो गई। पार्षद आभा द्विवेदी, किरन जायसवाल का कहना है कि लगातार चेतावनी के बावजूद नाला सफाई और सड़कों की मरम्मत को लेकर नगर निगम, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई गंभीर नहीं हुआ, जिसका नतीजा पहली बारिश में ही सामने आ गया। कोठापार्चा से आर्यकन्या होकर मुट्ठीगंज बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा समेत तमाम मंडियों में भी जलभराव से लोग परेशान रहे। बाकी काम जगह-जगह खुदी पड़ी सड़कों से हो गया।
पटरी पार पुराने शहर में लोकनाथ से कोतवाली होकर नखास कोहना तक सड़क पर जलभराव रहा। नखास कोहना पर शाहगंज थाने के सामने स्थिति ज्यादा खराब रही। यहां नाले की सफाई अब तक नहीं हुई है। यहां सड़क पर घुटनों तक पानी भर गया। खुल्दाबाद मछली बाजार, करबला में भी यही स्थिति रही। करेली में टेंपो स्टैंड के आसपास सड़क पर काफी जलभराव हुआ।
नगर निगम ने रसूलाबाद से मेहंदौरी की ओर जाने वाले नाले की मंगलवार को सफाई कराई। इसके लिए नाले के ऊपर से अतिक्रमण भी हटाया गया। नाले से निकाली गई सिल्ट वहीं सड़क पर छोड़ दी गई और बुधवार भोर में हुई झमाझम बारिश के कारण सड़क पर पड़ी सिल्ट फिर से नाले में समा गई।
बारिश में नाला भरने से सेंट मेरीज कॉन्वेंट (एसएमसी) के सामने नाले की दीवार धराशायी हो गई। एडीए इस सड़क का सुंदरीकरण करा रहा है। इसके लिए हाल ही में नाले की दीवार भी बनी है। बुधवार दिन में एडीए वीसी देवेंद्र कुमार पांडेय ने इसका निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को तत्काल दीवार मरम्मत का निर्देश दिया।
मंडी परिषद प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण बुधवार की बारिश का पानी मुंडेरा मंडी काफी दुकानों में भर गया। मंडी प्रशासन यहां सड़कों की मरम्मत करा रहा है। इसके लिए सभी सड़कों पर भारी मात्रा में गिट्टी और बालू रख दी गई। इसकी वजह से जलनिकासी बंद हो गई है। बारिश की वजह से सड़कों पर एकत्र पानी दुकानों में भर गया। इसकी वजह से आलू, प्याज समेत काफी सब्जी खराब हो गई। आढ़तियों ने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है। मुंडेरा मंडी फल हरी सब्जी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा का आरोप है कि जिस ठेकेदार को सड़क बनाने का काम मिला है, उससे काम जल्द करने के लिए कहा जाता है तो वह धमकी देता है। चेतावनी दी है कि गिट्टी, बालू तत्काल न हटाई गई तो शुक्रवार को दिन में 12 बजे मंडी सचिव का घेराव किया जाएगा।
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के अफसरों और सीवर लाइन बिछा रही एलएंडटी कंपनी पर मंडलायुक्त और महापौर के आदेशों का भी असर नहीं है। तभी तो लगातार आदेश के बावजूद सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कें कई मोहल्लों में नहीं बनी हैं। बुधवार को महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने डीएम को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि इकाई के महाप्रबंधक अजेय रस्तोगी एवं परियोजना प्रबंधक जेपी मणि को लगातार निर्देश दिया जाता रहा कि जहां भी एलएंडटी सीवर लाइन बिछा चुकी है, वहां सड़कों की मरम्मत का काम मानक के मुताबिक कराया जाए लेकिन इकाई और एजेंसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया।
बुधवार की बारिश में अतरसुइया, दरियाबाद तक्षकेशवर मंदिर के पास, हसन मंजिल, बाई का बाग, मानसरोवर सिनेमा के पास, महाबीरन गली, चंदापुर का हाता, लोहिया पांडे का हाता, गांधी नगर, हटिया चौराहा से आर्यकन्या चौराहा, नवाब यूसुफ रोड, तिलक नगर, महर्षि अरविंद विद्यालय तिलक नगर, निराला मार्ग पर खोदी गई ट्रंच पूरी तरह बैठ गई है। 13वें वित्त से स्वीकृत नाले भी बेतरतीब ढंग से बनाए गए। रामप्रिया रोड का नाला बारिश में टूट गया। नवाब यूसुफ रोड नाले की निकासी नहीं है। उन्होंने इन समस्याओं को देखते हुए जांच कराते इकाई के अफसरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई को कहा है।