तहसील क्षेत्र के सरदार पटेल इंटर कालेज रूम खेरहट खुर्द में पठन-पाठन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विद्यार्थियों ने बृहस्पतिवार को परिसर में धरना दे दिया था। शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज पीएन सिंह के निर्देश पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज जेपी सिंह और वीएस यादव विद्यालय पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर पठन-पाठन शुरू कराया। वहीं, प्रधानाचार्य और शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जेपी सिंह ने बताया कि धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं की मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए विद्यालय के प्रबंधक को नोटिस जारी कर दिया गया है। एक माह के अंदर विद्यालय के शौचालयों की साफ सफाई की व्यवस्था करने, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व पंखे की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। पठन पाठन की खराब स्थिति के लिए प्रधानाचार्य सहित अन्य शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
छात्रों ने स्थानीय प्रशासन पर लगाया आरोप
सरदार पटेल इंटर कॉलेज रूम खेरहट खुर्द में धरना दे रहे छात्रों ने स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। कहा कि देर रात स्थानीय पुलिस ने उन सभी को जबरन धरने से भगा दिया था। जिसके बाद शुक्रवार की सुबह धरना शुरू किया गया। एसडीएम बारा प्रेरणा गौतम ने बताया कि शाम को जानकारी मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक से बात कर समस्याओं का समाधान कराने की बात कही थी। विद्यालय में अंधेरा होने के कारण उनको पुलिस ने समझा बुझाकर घर भेज दिया था।